DNEWSNETWORK
सोलन। जिला कांग्रेस कमेटी सोलन की बैठक जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष वरमानी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी, जिला कांग्रेस प्रभारी चंद्रशेखर व अनिता वर्मा, प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष मदन चौधरी सहित जिला कांग्रेस कमेटी के 125 पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को निर्वाचन क्षेत्रों, ब्लॉकों और जिला परिषद क्षेत्रों की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस दौरान पांचों ब्लॉक अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ स्तर पर पदाधिकारियों व बीएलए की नियुक्ति तथा बूथ स्तरीय समितियों के गठन पर विशेष जोर दिया।
विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने जिला कांग्रेस कमेटी के संगठनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, महिलाओं, अनाथ बच्चों और कमजोर वर्गों के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है तथा प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
विनोद सुल्तानपुरी ने कांग्रेस भवन को बेहतर बनाने तथा जिला कांग्रेस कमेटी भवन के हॉल के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के लिए होने वाला खर्च स्वयं वहन करने का आश्वासन दिया। वहीं एडवोकेट मदन कश्यप ने जिला कांग्रेस कमेटी भवन के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की।
बैठक में वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर अपने विचार रखे। सभी ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस की विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला कांग्रेस कमेटी की अगली बैठक 8 अक्तूबर को दून निर्वाचन क्षेत्र में आयोजित की जाएगी।
यह जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी सोलन के महासचिव बलदेव ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि बैठक में वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी से संगठन को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।













