मुख्यमंत्री अपना परिवार, सुखी परिवार योजना के लिए 20 सितम्बर तक करें आवेदन – हरदीप सिंह बावा

Nalagarh Politics

DNEWSNETWORK
नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने आज ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना के अंतर्गत बी.पी.एल. सूची में पात्र परिवारों का चयन करने तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत राजपुरा एवं ग्राम पंचायत गाग्गुवाल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों की अध्यक्षता की।
हरदीप सिंह बावा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अंतिम पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि केवल जानकारी के अभाव में कोई भी ऐसा व्यक्ति या परिवार, जो सरकार की किसी योजना का लाभ लेने की पात्रता रखता है, उससे वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों से इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
विधायक ने कहा कि वर्तमान में खण्ड विकास कार्यालय नालागढ़ के अंतर्गत 1314 परिवार पूर्व से ही बीपीएल सूची में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त ऐसे परिवार अथवा व्यक्ति, जो सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार बी.पी.एल. सूची में शामिल होने की पात्रता रखते हैं, उनके लिए 20 सितंबर, 2026 तक बी.पी.एल. सूची में शामिल होने के लिए आवेदन करने का अंतिम अवसर दिया गया है।
उन्होंने नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के सभी पात्र परिवारों एवं व्यक्तियों से आग्रह किया कि निर्धारित अंतिम तिथि से पहले अपना आवेदन संबंधित पंचायत सचिव, खण्ड विकास अधिकारी अथवा निर्धारित माध्यम से जमा करवाएं, ताकि पात्र लोगों को बी.पी.एल. सूची में शामिल किया जा सके और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
विधायक ने कहा कि पंचायत प्रधान, उप प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि तथा ग्रामीण स्तर पर कार्यरत कर्मचारी सरकार की योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बी.पी.एल. सूची में शामिल परिवारों को हिमाचल प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बी.पी.एल. परिवारों के हित में 300 यूनिट तक निःशुल्क बिजली तथा पात्र परिवारों को 1500 रुपए प्रतिमाह तक की आर्थिक सहायता सहित बी.पी.एल. से जुड़ी विभिन्न योजनाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं भी सुनीं और इनके शीघ्र निपटारे के लिए विभाग को निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत राजपुरा के प्रधान रामनाथ, ग्राम पंचायत ढांग उपरली, ग्राम पंचायत ढांग निहली की प्रधान रीता देवी, ग्राम पंचायत गागूवाल के प्रधान रविंदर सिंह, ग्राम पंचायत मंझौली की प्रधान बलजिंदर कौर, ग्राम पंचायत प्लासी कलां के प्रधान विकास कुमार विकी, ग्राम पंचायत मंझौली के उप प्रधान नाजर खान, बीडीसी सदस्य सीता देवी, उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया, खण्ड विकास अधिकारी अरविंद कुमार व विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

Latest News