सोलन में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार

Crime Solan

Dnewsnetwork

जिला सोलन पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की एसआईयू टीम द्वारा की गई इन कार्रवाइयों में कुल 41.49 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, प्रतिबंधित दवा के 28 कैप्सूल और एक डिजिटल वेइंग मशीन बरामद की गई है।

पहली कार्रवाई में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर धर्मपुर थाना क्षेत्र के माड़ो-मटकंडा स्थित मानसरोवर ढाबा में दबिश देकर की। यहां मौजूद तुषार चौहान (35) निवासी शिमला और ऋतिक (23) निवासी शिमला को काबू कर तलाशी ली गई। दोनों के कब्जे से 6.80 ग्राम हैरोइन और प्रतिबंधित दवा के 28 कैप्सूल बरामद हुए। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार तुषार चौहान के खिलाफ रोहड़ू थाने में पहले से चार मामले दर्ज हैं, जिनमें दो एनडीपीएस एक्ट, एक आर्म्स एक्ट और एक मारपीट का मामला शामिल है।

दूसरे मामले में ममलीग चौक में नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल सवार गौरव कुमार (29) और रवि (31), दोनों निवासी चंडीगढ़, को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 8.06 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले की जांच जारी है।

वहीं सोलन पुलिस की SIU टीम ने जाबली-ओच्छघाट के समीप एक चार मंजिला भवन के धरातल मंजिल स्थित किराये के कमरे में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां रह रहे प्रभात शर्मा (22) निवासी सोलन, विशाल जायदका (32) और अभिषेक ठाकुर (24), दोनों निवासी पंजाब, के कब्जे से 26.63 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) और डिजिटल वेइंग मशीन बरामद की गई। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किए हैं। सभी मामलों में आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के साथ-साथ नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Latest News