पुलिस थानों में सीसीटीवी और पावर बैकअप व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर

Crime Kullu

Dnewsnetwork

जिला स्तरीय पर्यवेक्षण समिति कुल्लू की बैठक मंडलायुक्त आरके पुरुथी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, पावर बैकअप, स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में मंडलायुक्त आरके पुरुथी ने जिले के सभी पुलिस थानों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के लिए पावर बैकअप की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत भी सहयोग लिया जा सकता है।
बैठक में जिले के थानों एवं पुलिस स्टेशनों में अनिवार्य सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के विषय पर भी विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस. ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी पुलिस थानों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी कैमरे अच्छी गुणवत्ता के हैं और कार्यशील स्थिति में हैं।
उन्होंने बताया कि सभी पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरों के लिए पावर बैकअप की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर निगरानी व्यवस्था प्रभावित न हो।
बैठक में जिले में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के संबंध में भी आवश्यक चर्चा की गई। अधिकारियों ने संबंधित व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
बैठक में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सुरजीत राठौर, नगर परिषद अध्यक्ष आशा ठाकुर, जिला पंचायत अधिकारी दया राम ठाकुर, अधिशासी अधिकारी नगर परिषद मनाली करुण भरमोरिया, कनिष्ठ अभियंता सचिन ठाकुर, अतुल पराशर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की कार्यवाही का संचालन सहायक आयुक्त मंडलायुक्त मंडी सुनैना शर्मा ने किया।

Latest News