Dnewsnetwork
शिमला 25 अगस्त । शिमला जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण में संगठन को मजबूत धार देने के लिये सहकारिता क्षेत्र में कांग्रेस विचारधारा को मजबूत करते हुए सहकार सारथी, पार्टी प्रशिक्षण के लिए विचार प्रभारी व प्रदेश कांग्रेस सरकार की नीतियों व विकास कार्यक्रमों को प्रचारित करने के लिये विचार प्रमुख नियुक्त किये जायेंगे। इसके अतिरिक्त मीडिया के साथ संवाद के लिये प्रवक्ता व मीडिया पैनलिस्ट भी नियुक्त किये जायेंगे।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आज जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक की अध्यक्षता करते हुए हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण में संगठन विस्तार और इसकी मजबूती में कोई कोर कसर बाकी नही रखी जायेगी। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता संगठन को समय देते है उन्हें जिला में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएगी। उन्होंने कहा की किसी भी संगठन में कार्यकर्ता इसकी रीढ़ होती है, इसलिए इस रीढ़ को मजबूत करने का जो दायित्व पार्टी आलाकमान ने उन्हें सौंपा है उसे वह पूरा करने में कोई कोर कसर बाकी नही रखना चाहते।
हिमराल ने कहा कि शिमला जिला ग्रामीण में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह मजबूत है। जुबल से रोहित ठाकुर, कुसुम्पटी से अनिरुद्ध राणा, शिमला ग्रामीण से विक्रमादित्य सिंह,ठियोग से कुलदीप सिंह राठौर, रामपुर से नंद लाल व रोहड़ू से मोहन लाल ब्राक्टा वर्तमान में मंत्री, विधायक है जो जिला शिमला ग्रामीण में एक मजबूत नेतृत्व प्रदान कर रहे है। उन्होंने चौपाल विधानसभा क्षेत्र में भी संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के हाथों को मजबूत करने की दिशा में सबको एक साथ मिलाकर चलना होगा।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव विनोद ज़िंटा ने बैठक पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन के दिशानिर्देशों का पालन करने का आह्वान करते हुए कहा कि अनुशासन हिनता किसी भी सूरत में सहन नही होगी। उन्होंने कहा कि जिस भी पदाधिकारी को संगठन का जो भी दायित्व दिया जाएगा उसे उस पर खरा उतरना होगा।
उन्होंने कहा कि आज की बैठक में जो भी सुझाव आएं है उन पर अमल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों को संगठन की ओर से परिचय पत्र, आई कार्ड दिया जाएगा।
विनोद ज़िंटा ने कहा कि जल्द ही प्रदेश में कांग्रेस उसी स्वरूप में सशक्त नज़र आएगी जो देश की आजादी के समय,पंडित जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी के समय में थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, मंत्रियों सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का सीधा संवाद पार्टी कार्यकर्ताओं से हो यह सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला,ब्लॉक ज़ोन पंचायत व बूथ स्तर में पार्टी की बैठकें नियमित तौर पर हो,यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है।












