युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों की ओर आकर्षित करने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध – राम कुमार चौधरी

Baddi + Doon Politics

Dnewsnetwork
दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने के लिए प्रदेश सरकार विभिन्न सकारात्मक कदम उठा रही है ताकि युवाओं को नशे से दूर रखा जा सके। राम कुमार चौधरी आज दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जगजीत नगर में कुश्ती अकादमी में कुश्ती मैट का शुभारंभ करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
विधायक ने कहा कि आज नशा समाज के लिए एक चुनौती बना हुआ है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें खेलों की ओर आकर्षित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस प्रकार की अकादमियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
राम कुमार चौधरी ने इस अवसर पर कुश्ती अकादमी के प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दी।
विधायक ने कहा कि जगजीत नगर कुश्ती अकादमी ने क्षेत्र के युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि अकादमी से जुड़े खिलाड़ियों ने रेसलिंग, ग्रेपलिंग एवं कुराश जैसी खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र एवं प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि जगजीत नगर अकादमी के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण तथा कांस्य पदक जीत चुके हैं।
राम कुमार चौधरी ने अकादमी के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित भी किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी यह अकादमी अनेक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करेगी।
विधायक ने इस अवसर पर ग्राम पंचायत जगजीत नगर के सभी लोगों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायत के निर्विरोध निर्वाचन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान ग्राम पंचायत जगजीत नगर में विभिन्न विकासात्मक कार्यों पर लगभग 2.75 करोड़ रुपए व्यय किए जा चुके हैं। इन कार्यों में संपर्क मार्गों का निर्माण एवं सुधार, गलियों का निर्माण, जल भण्डारण टैंक, हैंड पंप तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से संबंधित कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं ताकि प्रत्येक गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित डंगे तथा जगजीत नगर बस स्टैंड में टाइल वर्क एवं अन्य आवश्यक निर्माण कार्य उनके कार्यकाल में पूर्ण करवाए गए हैं। इससे स्थानीय लोगों एवं यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं।
विधायक ने कहा कि आगामी समय में बागी-बड़ोह सड़क को पक्का करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायत जगजीत नगर में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपए उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जगजीत नगर में 65 लाख रुपए की लागत से विद्यालय भवन का निर्माण कार्य पूर्ण करवाया जा चुका है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हुआ है। उन्होंने विद्यालय में सीएसआर के माध्यम से परीक्षा भवन का निर्माण करवाने का भी आश्वासन दिया।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र को प्रदेश का आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, खेल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव एवं ग्राम पंचायत में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत जगजीत नगर के प्रधान मेहर चंद, ग्राम पंचायत कुठाड़ के प्रधान पुष्पेंद्र, ग्राम पंचायत जगजीत नगर के उप प्रधान योगेंद्र चंद ठाकुर, ग्राम पंचायत जगजीत नगर के पूर्व प्रधान इंद्र गुप्ता, पूर्व प्रधान परसराम, ग्राम पंचायत पट्टा के पूर्व उप-प्रधान नरेंद्र चौधरी, ग्राम पंचायत ढकरियाना के पूर्व प्रधान सोहन लाल वर्मा, पंचायत समिति सदस्य जाडला रवि कुमार, ग्राम पंचायत जाडला के पूर्व प्रधान प्रेम ठाकुर, जगजीत नगर कुश्ती अकादमी संचालक मनदीप (मनु) तथा ग्रामीण उपस्थित थेे।

News Archives

Latest News