11 दिन बाद भी महापौर की अधिसूचना जारी नहीं, कांग्रेस सरकार लोकतांत्रिक जनादेश का कर रही अपमान – शैलेन्द्र

Politics Solan

Dnewsnetwork

भारतीय जनता पार्टी, सोलन शहरी मण्डल के अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता ने प्रदेश सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि 17 मई 2026 को नगर निगम सोलन के चुनाव सम्पन्न हुए, 31 मई 2026 को परिणाम घोषित हुए तथा 2 जुलाई 2026 को महापौर एवं उपमहापौर का निर्वाचन भी विधिवत सम्पन्न हो गया। इसके बावजूद आज 11 दिन बीत जाने के बाद भी सरकार महापौर एवं उपमहापौर की सामान्य प्रशासनिक अधिसूचना (नोटिफिकेशन) तक जारी नहीं कर पाई है। यह सरकार की प्रशासनिक विफलता, जनविरोधी सोच और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति उदासीनता का स्पष्ट प्रमाण है।
शैलेन्द्र गुप्ता ने कहा कि एक सामान्य सरकारी प्रक्रिया को जानबूझकर लटकाकर प्रदेश सरकार सोलन की जनता को परेशान कर रही है। महापौर के पदभार ग्रहण न कर पाने के कारण नगर निगम के अनेक महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम लोगों को रोज़ाना कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महापौर के काउंटर साइन के बिना हिमाचली प्रमाण-पत्र जारी नहीं हो पा रहे हैं, जिससे विशेष रूप से विद्यार्थियों को प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य आवश्यक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त आम नागरिकों के भी अनेक प्रमाण-पत्र, प्रशासनिक एवं विकास संबंधी कार्य रुके हुए हैं।
उन्होंने कहा कि जब चुनाव सम्पन्न हो चुके हैं, जनादेश आ चुका है और महापौर एवं उपमहापौर का निर्वाचन भी विधिवत हो चुका है, तब केवल अधिसूचना जारी करने में इतना विलंब समझ से परे है। इससे यह संदेश जा रहा है कि कांग्रेस सरकार जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों को उनके अधिकारों का उपयोग करने से रोकने का प्रयास कर रही है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के विपरीत है।
भाजपा सोलन शहरी मण्डल ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि महापौर एवं उपमहापौर की अधिसूचना तत्काल जारी की जाए, ताकि निर्वाचित जनप्रतिनिधि पदभार ग्रहण कर सकें और नगर निगम के रुके हुए जनहित के कार्य शीघ्र प्रारम्भ हों। यदि सरकार इसी प्रकार जनादेश का अनादर करती रही और जनता को परेशान करती रही, तो भारतीय जनता पार्टी जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

News Archives

Latest News