Dnewsnetwork
सोलन। सोलन पुलिस ने कुछ दिन पहले जियो टावर से हुई चोरी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस थाना सदर में दीप राम, जो एयरटेल कंपनी में तकनीशियन के पद पर कार्यरत हैं, ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव धुराना, डाकघर दामकड़ी स्थित जियो टावर में अज्ञात व्यक्तियों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उन्हें शिमला नेटवर्क ऑपरेशन सेंटर से संबंधित टावर के बंद होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि डीजल जनरेटर के दरवाजे और ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर डीजी से एल्टरनेटर, सेल्फ स्टार्टर मोटर, डीसी अल्टरनेटर सहित अन्य उपकरण चोरी पाए गए। चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये आंकी गई है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना सदर की टीम ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण सुरागों का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में संलिप्त तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल, विनोद और पवन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि चोरी की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित संलिप्त व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सोलन पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।














