Dnewsnetwork
हिमाचल प्रदेश में एप्पल रीप्लांट डिजीज की समस्या से निपटने के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी ऑस्ट्रेलिया स्थित ट्राई-नेशंस ऑर्चर्ड सिस्टम होल्डिंग्स लिमिटेड के साथ शोध सहयोग स्थापित करने की संभावनाएं तलाश रहा है। इसी पहल के तहत कंपनी के सीनियर एडवाइजर किम रसेल ने विश्वविद्यालय का दौरा किया और एप्पल रीप्लांट डिजीज पर संयुक्त अनुसंधान कार्यक्रम शुरू करने के उद्देश्य से दोनों संस्थानों के बीच प्रस्तावित समझौता ज्ञापन पर विस्तृत चर्चा की। इस रोग को सेब बागानों की उत्पादकता और दीर्घकालिक स्थिरता के लिए एक चुनौती माना जा रहा है।
बैठक में विश्वविद्यालय की निदेशक अनुसंधान डॉ. देविना वैद्य तथा सलाहकार समिति के सदस्य निदेशक विस्तार शिक्षा डॉ. डी.पी. शर्मा, पौध रोग विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल हांडा, संयुक्त निदेशक प्रशिक्षण डॉ. पी.के. बवेजा, संयुक्त निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. मानिका तोमर, डॉ. शालिनी वर्मा, डॉ. नीना चौहान एवं डॉ. अंजली चौहान उपस्थित रहे। दोनों संस्थानों की विशेषज्ञता एवं संभावित सहयोग पर विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के प्रमुख विषयों में मिट्टी के स्वास्थ्य में सुधार के माध्यम से बागों का पुनर्जीवन, पुराने बागों का टॉप-वर्किंग तथा फल के रंग, गुणवत्ता और उत्पादन बढ़ाने के लिए लाइट इंटरसेप्शन परीक्षण शामिल रहे। ट्राई-नेशंस ऑर्चर्ड सिस्टम होल्डिंग्स ने ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका और भारत में अपने कार्य अनुभव साझा किए, विशेष रूप से प्राकृतिक कम्पोस्टिंग और टिकाऊ बाग प्रबंधन के क्षेत्र में। प्रसंस्करण इकाइयों से निकलने वाले सेब पोमेस जैसे बागवानी उप-उत्पादों के उपयोग पर भी चर्चा हुई, जिससे मिट्टी के स्वास्थ्य में सुधार और अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा मिल सके। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एच.एस. बवेजा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में पुराने सेब बागानों के क्षरण और एप्पल रीप्लांट डिजीज के बढ़ते प्रभाव के कारण उत्पादकता तथा किसानों की आय प्रभावित हो रही है। उन्होंने इस चुनौती से निपटने के लिए वैज्ञानिक समाधान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित साझेदारी के अंतर्गत उन्नत मृदा डीएनए निदान तकनीकों, परीक्षण प्रोटोकॉल के विकास, वैज्ञानिकों के आदान-प्रदान कार्यक्रमों तथा एप्पल रीप्लांट डिजीज के बहु-विषयक प्रबंधन पर संयुक्त शोध पर चर्चा की गई।














