Dnewsnetwork
दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि युवाओं के भविष्य को उज्जवल बनाने के लिए पारम्परिक शिक्षा के साथ-साथ व्यवहारिक कौशल का ज्ञान देना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। राम कुमार चौधरी आज सोलन ज़िला के बद्दी स्थित केन्द्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सीपेट) के वार्षिक समारोह ‘हिमतरंग-2026’ समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
राम कुमार चौधरी ने विजेताओं को बधाई दी और आशा जताई कि उनके परिणाम अन्य विद्यार्थियों को बेहतर करने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि अपने कौशल एवं प्रतिभा का उपयोग समाज एवं राष्ट्र निर्माण में करें और अपने क्षेत्र व प्रदेश का नाम रोशन करें।
उन्होंने कहा कि एशिया के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्रों में से एक बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ प्रदेश के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि इस औद्योगिक क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने में सीपेट जैसे संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा प्रदान की जा रही आधुनिक तकनीकी शिक्षा एवं कौशल आधारित प्रशिक्षण से स्थानीय युवाओं के साथ-साथ अन्य राज्यों के युवाओं को भी लाभ मिल रहा है और इसके माध्यम से युवाओं को रोज़गार तथा स्वरोज़गार के बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
विधायक ने कहा कि वर्तमान समय तकनीकी उन्नति और नवाचार का है। इसमें युवाओं को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने लक्ष्य को निर्धारित कर अनुशासन, परिश्रम एवं समर्पण के साथ उसे प्राप्त करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास, सकारात्मक सोच एवं नई तकनीकों को अपनाने की इच्छा नितांत आवश्यक है।
उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई से दूर रहें तथा प्रदेश सरकार द्वारा कार्यान्वित किए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।
राम कुमार चौधरी ने संस्थान के प्रबंधन, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि वह विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते रहेंगे तथा उनके व्यक्तित्व विकास में सहायक सिद्ध होंगे।
विधायक ने संस्थान में विभिन्न शैक्षणिक, तकनीकी एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
राम कुमार चौधरी ने इस अवसर पर संस्थान के प्रांगण में पौधा भी रोपित किया।
इस अवसर पर सीपेट के संयुक्त निदेशक परमिंदर प्रीत सिंह, शिक्षक, विद्यार्थी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।















