बद्दी रैड लाईट चौक से वर्धमान चौक तक सड़क सुदृढ़ीकरण व अन्य कार्यों पर व्यय होंगे 12.76 करोड़ रुपए – राम कुमार चौधरी

Baddi + Doon Others

Dnewsnetwork

दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि बद्दी (Baddi ) को स्वच्छ और सुंदर बनाना तथा लोगों तक बेहतर मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि चरणबद्ध तरीके से बद्दी में विकास के कार्य करवाए जा रहे है।
राम कुमार चौधरी कहा कि बद्दी रैड लाईट चौक से वर्धमान चौक (साईं रोड) तक लगभग 5 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण तथा नालियों के निर्माण व अन्य कार्यों पर 12 करोड़ 76 लाख 33 हजार रुपए व्यय किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार के वित्त सचिव द्वारा 8 करोड़ 89 लाख 31 हजार 92 रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस सड़क के किनारे बिजली के खंभों को सुरक्षित दूरी पर स्थापित करने के लिए विद्युत बोर्ड को 3 करोड़ 87 लाख रुपए की राशि की स्वीकृत प्रदान की जा चुकी है।
विधायक ने कहा कि बद्दी शहर के मध्य स्थित यह मार्ग औद्योगिक एवं व्यावसायिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसे चंडीगढ़ शहर की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं सहित विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधा और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि सड़क के साथ-साथ समुचित जल निकासी व्यवस्था, विद्युत ढांचे का पुनर्संयोजन तथा आवश्यक तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लगभग 10 से 15 दिनों के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य आरंभ कर दिया जाएगा, ताकि निर्धारित समयावधि में परियोजना का कार्य पूर्ण किया जा सके।
विधायक ने कहा कि वह दून विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वित किया जा रहा है।

News Archives

Latest News