Himachal में आग का तांडव 6 लोग जिंदा जले

Himachal News Others Sirmaur
Dnewsnetwork
हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में के सिरमौर जिला में आगजनी की घटना में 6 लोग जिंदा जल गए। इस दर्दनाक घटना में एक घायल व्यक्ति का उपचार सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल में चल रहा है। आग का तांडव इतना जबरदस्त था कि लाेगों को घरों से बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला। वहीं हिमाचल प्रदेश में आगजनी की घटनाएं लगातार जारी है। सोलन जिला के अर्की क्षेत्र में हुए अग्निकांड में अभी भी अवशेषों का मिलना जारी है। इसी बीच अब सिरमौर के तलांगना में आग का तांडव ने 6 लोगों की जिंदगी को लील लिया। बीती रात यह घटना तब घटी जब पूरा क्षेत्र गहरी नींद में था, तभी एक रिहायशी मकान आग की लपटों के घेरे में आ गया। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि घर के भीतर मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। बताया जा रहा है कि यहां पर रसाई गैस सिलिंडर भी ब्लास्ट की हुआ जिसके कारण आग बेकाबू हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां दुर्गम रास्ते को पार कर मौके पर पहुंची। संगड़ाह के एसडीएम सुनील कायथ ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

मुख्यमंत्री ने आग लगने की घटना में छह लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जिला सिरमौर के श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत घंडूरी के गांव तलांगना में बीती रात भीषण आग लगने की दुःखद घटना में छह लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और घायलों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने घटना के कारणों की गंभीरता से जांच करने भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना और शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।

भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने गहरा शोक व्यक्त किया
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला अंतर्गत नौहराधार क्षेत्र के तलांगना गांव में बीती रात हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के छह लोगों के जिंदा जलकर निधन की हृदयविदारक घटना पर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल तथा शांता कुमार ने इस हृदय विदारक हादसे पर गहरी संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अपने शोक संदेश में कहा कि “सिरमौर के नौहराधार क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक अग्निकांड की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। एक ही परिवार के छह सदस्यों का इस प्रकार असमय काल के गाल में समा जाना पूरे प्रदेश के लिए गहरा आघात है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति दें। घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी हम कामना करते हैं।”
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा बीती रात दो से तीन बजे के बीच मोहन लाल के घर में हुआ, जहां प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की चपेट में आकर एलपीजी सिलेंडर फट गया, जिससे पूरा मकान जलकर राख हो गया। इस हादसे में कुछ पालतू मवेशियों के भी जिंदा जलने की सूचना है। एक व्यक्ति को घायल अवस्था में रेस्क्यू कर राजगढ़ अस्पताल रेफर किया गया है।
भाजपा नेतृत्व ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता, उचित मुआवजा तथा राहत एवं पुनर्वास की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाए। पार्टी इस दुःख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

News Archives

Latest News