Dnewsnetwork
मंडी, 11 सितम्बर। अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी मंडी डॉ. मदन कुमार ने ज्वालापुर का दौरा किया और आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उनके साथ तहसीलदार औट रमेश राणा, लोक निर्माण, जलशक्ति, विद्युत बोर्ड, बागवानी और सिविल सप्लाई विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
डॉ. कुमार ने क्षेत्र में हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावितों की समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को तीव्र गति से करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को उन्होंने ज्वालापुर सड़क को जल्द से जल्द खोलने का आदेश दिया। साथ ही यह भी कहा कि सड़क खुलने तक सेब और सब्जियों को मंडियों तक पहुँचाने के लिए वैकल्पिक मार्गों की जांच की जाए। उन्होंने बताया कि बरसात के कारण सड़क की हालत गंभीर रूप से प्रभावित हुई है, जिससे आवाजाही बाधित हो रही है।
डॉ. कुमार ने सिविल सप्लाई डिपो का निरीक्षण कर राशन की उपलब्धता का भी जायजा लिया। उन्होंने सुनिश्चित किया कि उचित मूल्य की दुकानों तक राशन पूरी तरह से पहुँच गया है। साथ ही एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि जैसे ही सड़क बहाल होगी, एलपीजी की आपूर्ति नियमित रूप से शुरू कर दी जाएगी।
इस दौरे के दौरान अधिकारियों ने प्रभावित लोगों से सीधे संवाद किया और भरोसा दिलाया कि मंडी जिला प्रशासन प्रभावितों तक आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।