सोलन पुलिस ने सुलझाया हत्या का मामला 1 गिरफ्तार पहले भी है कई मामले दर्ज

Crime Solan

DNN सोलन, 18 जनवरी :

कुछ दिनों पहले सब्जी मंडी बाई पास पर हुई एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मृतक माजिद अली सब्जी मण्डी सोलन के पास कबाड की दुकान चलाता था। जिसकी रात को किसी ने हत्या कर दी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। हालात संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस टीम ने एसएफएसएल जुन्गा की टीम के साथ मौका का संयुक्त निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि मृतक का मोबाइल फोन और उनके 30-40 हजार रुपए ग़ायब थे। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और पुलिस ने जांच में पाया कि माजिद अली ने घटना से 4-5 दिन पहले ही एक अनजान व्यक्ति को काम करने के लिए दुकान पर रखा था। जिसके बारे में मृतक के परिवारजन और स्थानीय लोगों को कुछ भी पता नहीं था, न उसका असली नाम, पता, मोबाइल नंबर आदि पता था।

 

जांच में पाया गया कि वह व्यक्ति घटना के बाद फरार चल रहा है। उसकी शिनाख्त करने और पता लगाने के लिए 4 टीमों का गठन किया गया और इन टीमों ने अलग अलग सबूतों पर काम करना शुरू किया।इसके लिए मृतक की पिछले दिनों की रूट हिस्ट्री ट्रेस की गई और उनके संपर्क में आए सभी लोगों को भी ट्रेस किया गया। इसके साथ ही 25 से ज़्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी पुलिस ने खंगाला। सीडीआर एनालिसिस भी किया गया और सभी टीमों द्वारा 200 से ज़्यादा लोगों से पूछताछ भी की गई जिसमें इस संदिग्ध की फोटो ट्रेस करके इसकी मूवमेंट चेक की जो शिमला की तरफ़ पाई गई । एस.पी. गौरव सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पर एक टीम ने शिमला शहर जाकर जांच की गई। जिसमें पता चला कि आरोपी ने साक्ष्य छिपाने की नियत से मृतक का मोबाइल फोन लेकर शिमला में किसी व्यक्ति को बेच दिया, जिसे टीम द्वारा बरामद कर लिया गया है। आरोपी की मूवमेंट शिमला के रामपुर की तरफ़ पाई गई और पुलिस ने जांच के बाद मामले में आरोपी रमेश कुमार निवासी आनी जिला कुल्लू व उम्र 47 साल को कुल्लू ज़िला के ब्रॉ एरिया से गिरफ़्तार किया। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए अपनी दाढ़ी मुछे काट दी तथा अन्य साक्ष्य भी मिटाने की कोशिश की। आरोपी नई जगहों पर जाकर नए नाम बताकर काम करता है। इसने ब्रॉ में किराए पर कमरा लिया और वहां छुपकर रहने लगा।

जांच में पता चला कि आरोपी ने मृतक मजिद अली के पास 30-40 हजार रुपए देखे थे जब माजिद अली रात को सो रहा था तो तेजदार हथियार से मजिद अली के मुंह पर कई बार वार किए जिससे उनकी मृत्यु हो गई। आरोपी पहले भी कई वारदातों में शामिल रहा है। इसके खिलाफ शिमला के बालूगंज और सदर थाना में 2ब मुक़दमे स्नैचिंग चोरी के दर्ज है और थाना आनी में चोरी सेंधमारी और शराब तस्करी के 2 मुकदमे पंजीकृत है।

News Archives

Latest News