DNN सोलन
2 जुलाई । सोलन में लोगों के दस्तावेजों का इस्तेमाल करके फर्जी तौर पर सिम बेचने पर सोलन पुलिस ने 7 दुकानदारों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। यह सभी दुकानदार सोलन शहर के ही हैं और वह मोबाइल सिम बेचने का कार्य करते थे। कार्यकारी एस.पी. सोलन योगेश रोल्टा ने मामले की पुष्टि की है।

उन्होंने बताया कि एडीशनल डायरेक्टर जनरल हिमाचल प्रदेश लीगल सर्विसेज अथॉरिटी शिमला की शिकायत पर यह मामले दर्ज किए गए हैं। शिकायत के आधार पर सोलन के माल रोड , राजगढ़ रोड , देहूंघाट मेंमोबाइल सिम बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ यह मामले दर्ज किए गए हैं। सोलन शहर के कुल 7 दुकानदारों के खिलाफ नकली सिम जारी करने पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच कर रही है।

गौर रहे कि केंद्रीय दूरसंचार मंत्रालय की डिजिटल इंटेलिजेंस यूनिट की ओर से एक रिपोर्ट पुलिस महानिदेशक कार्यालय को भेजी गई थी। जिसमें हिमाचल प्रदेश में 3694 फर्जी सिम कार्ड बेचने के मामले की जानकारी दी गई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि दुकानदारों ने एक ही फोटो पर अलग-अलग आईडी लगाकर विभिन्न कंपनियों के कई सिम बेच डाले हैं। इसी आधार पर पुलिस ने हिमाचल प्रदेश में फर्जी दस्तावेज लगाकर सिम बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। इसी कड़ी में सोलन शहर के 7 दुकानदारों के खिलाफ भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है।ं















