सिरमौर में मजदूर से 45000 रुपये की छीनाझपटी मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार

Himachal News Others Sirmaur

DNN पांवटा साहिब

21 जनवरी। सिरमौर जिला के पांवटा साहिब में एक दिहाड़ीधार मजदूर से उसकी 2-3 महीने की मेहनत की कमाई करीब 45000 रुपये छीनने के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को धर दबोचने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस मामले में आगामी जांच कर रही है।
पांवटा साहिब पुलिस थाना में 20 जनवरी को रविंद्र पुत्र बिजा राम निवासी गांव टिक्कर तहसील शिलाई ने इस संदर्भ में शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर ही आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। शिकायतकर्ता रविंद्र ने शिकायत में बताया था कि वह 18 जनवरी को शिमला से दिहाड़ी मजदूरी करके शिलाई जा रहा था। इसी बीच शाम के समय पांवटा साहिब बस स्टैंड पहुंचा, तो शिलाई जाने के लिए कोई बस नहीं मिली। वह 2-3 महीने में शिमला से दिहाड़ी मजदूरी करके 45000 रुपये नगद बचाकर साथ लाया था। शाम लगभग 7 बजे बस स्टैंड के पास रात को रूकने के लिए कमरे का पता किया, तो उसे किसी ने देवीनगर की तरफ सस्ता कमरा मिलने के बारे में बताया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक जब वह देवीनगर गुरूद्वारा के समीप पहुंचा तो 4 से 5 लडक़े मिले, जिनसे उसने रात को ठहरने के लिए कमरे के लिए पूछा। यह सभी लोग उसे कमरा दिखाने के लिए अंधेरे में झाडिय़ों की तरफ एक टूटे हुए मकान के पास ले गए, जहां पर उन्होंने उसे घेर लिया और डरा धमकाकर उससे सारे
पैसे छीन लिए। शिकायतकर्ता ने बताया कि उक्त लोग नशे में लग रहे थे। आपस में वह एक दूसरे का नाम सौरव, सन्नी, निक्कू, आकाश व उदय बोल रहे थे, जिन्हें यह सामने आने पर पहचान सकता है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने मामले पांच आरोपियों 25 वर्षीय बलजीत सिंह उर्फ निक्कु पुत्र कश्मीर सिंह निवासी वार्ड नंबर 10 नजदीक कृपालशिला गुरूद्वारा पांवटा साहिब, 18 वर्षीय उदय कश्यप पुत्र नरेश कश्यप निवासी वार्ड नंबर 10 नजदीक बीकेडी स्कूल देवीनगर पांवटा साहिब, 23 वर्षीय गुरमीत सिंह उर्फ सन्नी पुत्र श्याम नारायण निवासी वार्ड नंबर 2 बद्रीपुर पांवटा साहिब, 29 वर्षीय सौरव ठाकुर पुत्र विनोद
ठाकुर निवासी वार्ड नंबर 10 नजदीक शनि मंदिर पांवटा साहिब व 24 वर्षीय आकाश पुत्र सुभाष निवासी वार्ड नंबर 11 अंबेदकर कालोनी देवीनगर पांवटा साहिब को गिरफ्तार कर लिया है।
डीएसपी पांवटा साहिब रमाकांत ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पांचों आरोपियों को अदालत ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। मामले में आगामी जांच की जा रही है।

News Archives

Latest News