DNN सोलन
11 जनवरी उपमण्डल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह नालागढ़ के पुराने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) के प्रागंण में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी आज यहां तहसीलदार नालागढ़ निशा आज़ाद ने उपमण्डल कार्यालय के सभागार में गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
बैठक में निशा आज़ाद ने विभिन्न विभागों की ओर से आयोजन के संबंध में पूर्ण की जाने वाली तैयारियों व पुख्ता प्रबंधों बारे आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों व मार्च पास्ट आदि की रिहर्सल, स्टेज व आंगतुकों के बैठने की व्यवस्था, समारोह स्थल पर साफ-सफाई व सजावट, साजोसज्जा, पारितोषिक वितरण, कार्यक्रम के दौरान समुचित पेयजल व्यवस्था संबंधी कार्यों की तैयारी संबंधित विभाग व अधिकारी समय पर पूर्ण कर लें।उन्होंने कहा कि इस दिन शहीदी स्मारक पर शहीदों को भावभीनी श्रद्धाजंलि भी अर्पित की जाएगी।
बैठक में खण्ड विकास अधिकारी नालागढ़ गौरव धीमान, थाना गृह अधिकारी नालागढ़ कुलदीप कुमार, राजकीय आयुष उपमण्डलीय चिकित्सक अधिकारी सुखविन्दर कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।















