DNN चंडीगढ़
15 दिसम्बर : मोहाली से बड़ी खबर सामने आई है। खबर यह है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और प्रतिबंधित खालिस्तान समर्थक संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ के लिए भारत में जासूसी करने के आरोप में मोहाली से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक आरोपी का नाम त्रिपेंद्र सिंह (40) है और वह चंडीगढ़ का रहने वाला है।
सूत्रों का कहना है कि आरोपी 4 साल से भारत और पंजाब के प्रमुख प्रतिष्ठानों, ठिकानों, संवेदनशील सरकारी इमारतों के नक्शे और तस्वीरें ISI और सिख फॉर जस्टिस को भेजा करता था। इसके अलावा उसने पंजाब पुलिस की इमारतों, दफ्तरों, पुलिस स्टेशनों के वीडियो बनाकर भी ISI को भेजे थे। इन जानकारियों के बदले में त्रिपेंद्र को मोटी रकम मिलती थी। बताया जा रहा है कि त्रिपेंद सिंह रेडिकल ग्रुप से भी जुड़ा था। आरोपी जासूस सिख फॉर जस्टिस के आतंकी परमजीत सिंह पम्मा के भी सम्पर्क में था। मोहाली पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी के पास से 2 मोबाइल फ़ोन बरामद हुए हैं। पूछताछ के आधर पर आरोपी त्रिपेंद्र ने बताया कि उसका अपॉइनमेंट आईएसआई में तैनात एक मेजर ने किया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि, उस आईएसआई के मेजर के बारे में पूछताछ की जा रही है।















