DNNनौणी
13 दिसंबर डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय (यूएचएफ), नौणी में आज तीन दिवसीय इंटर कॉलेज यूथ फेस्टिवल आरंभ हुआ। छात्रों के समग्र विकास के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के चारों कॉलेज- बागवानी कॉलेज, वानिकी कॉलेज, बागवानी और वानिकी कॉलेज नेरी और बागवानी और वानिकी कॉलेज थुनाग के छात्र भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति प्रोफेसर राजेश्वर सिंह चंदेल ने किया। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए प्रोफेसर चंदेल ने प्रत्येक छात्र को पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ पाठ्येतर गतिविधियों में भाग लेने की आवश्यकता पर बल दिया। कुलपति ने कहा कि पाठ्येतर गतिविधियां विश्वविद्यालय पाठ्यक्रम का एक अभिन्न अंग हैं और छात्रों के समग्र व्यक्तित्व विकास के निर्माण में मदद करती हैं जो जीवन में सफलता के लिए आवश्यक है। विभिन्न क्षेत्रों के राष्ट्रीय नायकों का उदाहरण देते हुए प्रोफेसर चंदेल ने प्रतिभागियों से यूथ फेस्टिवल के दौरान विभिन्न आयोजनों में अंतिम परिणामों की चिंता किए बिना अपनी विविध प्रतिभा दिखाने का आग्रह किया।
इससे पहले अपने संबोधन में छात्र कल्याण अधिकारी डॉ. ए के जोशी ने छात्रों से सभी प्रतियोगिताओं को खेल भावना के साथ सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आग्रह किया। मार्च पास्ट में सभी कॉलेजों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसके बाद विद्यार्थियों को शपथ दिलाई गई।
यूथ फेस्टिवल में ललित कला, साहित्य, रंगमंच, नृत्य और संगीत श्रेणियों में व्यक्तिगत और सामूहिक कार्यक्रम होंगे। मंगलवार को फाइन आर्ट्स कैटेगरी में ऑन स्पॉट पेंटिंग, कोलाज व पोस्टर मेकिंग व रंगोली मेकिंग इवेंट हुए। साहित्यिक आयोजनों में भाषण, वाद-विवाद और एक्सटेंपोर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न आयोजनों में कॉलेजों द्वारा प्राप्त कुल अंकों के आधार पर समग्र विजेता घोषित किया जाएगा। आईसीएआर यूथ फेस्टिवल के लिए विश्वविद्यालय की टीम का चयन भी तीन दिवसीय आयोजन के दौरान प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।















