DNN हमीरपुर, 9 नवंबर :
सुजानपुर के विधायक और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर दर्जनों जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सुजानपुर में आज भाजपा की रैली में जिस तरह मुख्य वक्ता के संबोधन के दौरान लोग उठकर घरों को जाना शुरु हो गए, उससे साफ जाहिर होता है कि अब कमरतोड़ महंगाई से त्रस्त जनता ने भाजपा के जुमलों और खोखले नारों की राजनीति से तौबा कर ली है।
राजेंद्र राणा ने कहा कि सुजानपुर की रैली में भाजपा के मुख्य वक्ता और स्टार प्रचारक सहित अन्य वक्ताओं ने बढ़ती महंगाई पर एक शब्द भी नहीं कहा और ना ही सेना में खाली पड़े लाखों पद नियमित रूप से भरने का कोई भरोसा यहां के लोगों को दिया। राजेंद्र राणा ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा फौजियों को वन रैंक वन पेंशन दिए जाने का दावा खोखला साबित हुआ है क्योंकि ना तो सैनिकों को वन रैंक मिला है और ना ही वन पेंशन मिली है। उन्होंने कहा सुजानपुर की रैली में भाजपा के स्टार प्रचारक द्वारा भाजपा प्रत्याशी का नाम तक भी मंच से नहीं लिया गया। प्रदेश के युवाओं को सेना में नियमित रोजगार देने का भी कोई एलान भी इस रैली में नहीं किया गया। हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम का लाभ देने का भी इस रैली में स्टार प्रचारकों द्वारा कोई ऐलान नहीं किया गया।
राजेंद्र राणा ने कहा कि कांग्रेस दम ठोक कर ये ऐलान कर चुकी है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर पहली कैबिनेट में ही ओल्ड पेंशन स्कीम लागू कर दी जाएगी और केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना बंद करके सेना में रिक्त पड़े लाखों पदों को नियमित आधार पर भरा जाएगा ताकि नौजवानों का भविष्य सुरक्षित हो सके। राजेंद्र राणा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में गैस सिलेंडर साडे ₹450 का मिलता था , अब भाजपा सरकार ने उसकी कीमत 12 सो रुपए तक पहुंचा दी है जिससे आम आदमी के लिए परिवार का गुजर-बसर करना मुश्किल हो गया है। राजेंद्र राणा ने कहा कि यह बड़ी हैरानी की बात है कि महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर अपनी जनसभाओं में भाजपा नेता कोई सफाई नहीं दे रहे बल्कि नए-नए नारों और जुमलों से जनता को बहलाने की कोशिश कर रहे हैं।
राजेंद्र राणा का आज सुजानपुर हल्के में आयोजित सभी कार्यक्रमों में लोगों ने बड़ी गर्मजोशी से स्वागत किया और इन सभाओं में बड़ी संख्या में भीड़ जुटी देखकर राजेंद्र राणा भी गदगद नजर नजर आए।















