अमित शाह के चुनावी दावे पर राजेंद्र राणा ने उठाए सवाल

Hamirpur Himachal News Others
DNN हमीरपुर
15 अक्टूबर: सुजानपुर के विधायक और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने आज सिरमौर जिला में गृह मंत्री अमित शाह द्वारा किए गए इस दावे पर सवाल उठाए हैं कि विधानसभा चुनाव के नतीजे आने पर  कांग्रेस दूरबीन से भी देखने को नहीं मिलेगी। आज यहां जारी एक बयान में राजेंद्र राणा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद हिमाचल प्रदेश में चार उपचुनाव हार चुकी भाजपा को जनता ने तब सिर्फ ट्रेलर दिखाया था और अब विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने का पूरा मन बना चुकी है। ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा इस तरह के दावे किया जाना जनता के बीच इस संदेह को भी जन्म देता है कि क्या चुनाव जीतने के लिए भाजपा आलाकमान ने कहीं ईवीएम से छेड़छाड़ की रणनीति तो नहीं बनाई है।
उन्होंने कहा हर वर्ग की उम्मीदों का गला घोटने वाली भाजपा ने प्रदेश में चार उपचुनाव हारने के बाद ऐसा कोई बड़ा जनहित का कार्य नहीं किया है जिससे लोग भाजपा के दीवाने हो जाएं। आज भी गैस सिलेंडर महंगी कीमत पर बिक रहा है। आज भी प्रदेश का नौजवान बेकारी की चक्की में पिस रहा है। आज भी प्रदेश का सरकारी कर्मचारी वर्ग ओपीएस की बहाली के लिए कांग्रेस के सत्ता में आने की राह देख रहा है। आज भी प्रदेश का किसान और बागवान भाजपा को सबक सिखाने के लिए मतदान के दिन का इंतजार कर रहा है। ऐसे में भाजपा का सत्ता में लौटना केंद्रीय नेताओं की खुशफहमी हो सकती है।
राजेंद्र राणा ने कहा कि भाजपा के भीतर इस समय चुनावों को लेकर घबराहट का माहौल है। जनता के तेवरों ने भाजपा नेतृत्व की नींद उड़ा रखी है। जनता से किए गए वायदे पूरे ना हो पाने के कारण भाजपा कार्यकर्ता फील्ड में जनता का सामना करने से कतरा रहे हैं। ऐसी स्थिति में केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा किया गया दावा प्रदेश की जनता के गले नहीं उतर रहा। राजेंद्र राणा ने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ इस चुनाव में उतर रही है और डंके की चोट पर कांग्रेस प्रदेश में सरकार बनाएगी।

News Archives

Latest News