DNN सोलन, 9 अक्तूबर :
सोलन की बहारा यूनिवर्सिटी में जांच हेतु आई एक डिग्री से इसका खुलासा हुआ कि यूनिवर्सिटी की फर्जी डिग्री जारी हुई है। जिसके बाद विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार विनीत कुमार ने इस संबंध में कंडाघाट पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। आखिर विश्वविद्यालय की यह फर्जी डिग्री कहां से जारी हुई इस को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बहारा विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार विनीत कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि मैं. ग्लोबल स्क्रीनिंग सर्विसेज बेंगलुरू कर्नाटका द्वारा कुलदीप सेन की बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी इन सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री जांच के लिए विश्वविद्यालय को प्राप्त हुई। जांच के दौरान यह डिग्री जाली पाई गई और विश्वविद्यालय द्वारा इस डिग्री को जारी नहीं किया गया था। इससे साफ हो रहा है कि किसी ने विश्वविद्यालय की फर्जी डिग्री बनाकर जारी की है। जिसके बाद इस मामले की शिकायत कंडाघाट पुलिस में दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है यह पता लगाया जा रहा है कि यह फर्जी डिग्री कहां से जारी हुई है।














