DNN नाहन
29 जुलाई। शुक्रवार को जिला मुख्यालय नाहन पहुंचे प्रदेश के ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कांग्रेस पर एक के बाद एक कई निशाने साधे। वहीं उन्होंने प्रदेश की जयराम सरकार के विकास कार्यों की भी सराहना की। अपने एक दिवसीय नाहन दौरे के दौरान ऊर्जा मंत्री मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
मीडिया से बात करते ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कहा कि प्रदेश में आज कांग्रेस की हालत बहुत अच्छी नहीं है, क्योंकि विपक्ष धड़ों में बंटा हुआ है। यही नहीं मुख्यमंत्री पद के दावेदारों की भी कांग्रेस में लाइन लगी है। कांग्रेस की गुटबाजी आज सार्वजनिक मंचों पर भी सरेआम देखने को मिल रही है। नाहन में पीसीसी चीफ प्रतिभा सिंह के सामने कांग्रेस के नेता ही पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन करते नजर आए। शिमला से बैठक से लौटते समय कांग्रेसी नेताओं में झड़प हो गई। ऊना भी पार्टी की अंतरकर्लह जगजाहिर है।
उन्होंने कहा कि सिरमौर जिला में भी पिछले दो चुनाव को छोड़ दें, तो यहां की जनता ने हमेशा कांग्रेस का ही समर्थन किया। बाजवूद इसके कांग्रेस ने हमेशा सिरमौर जिला की अनदेखी की। मगर वर्तमान जयराम सरकार ने प्रदेश सहित जिला सिरमौर को विकास के मामले में एक नई दिशा दी है। सुखराम चौधरी ने कहा कि आज जिला सिरमौर में हुए विकास को देखकर लगता है कि सिरमौर जिला हिमाचल प्रदेश में सही मायने में सिरमौर बनकर उभर रहा है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि यदि वह केवल बीते दिन हुई कैबिनेट की ही बात करें तो इस बैठक में भी जिला सिरमौर को कई नई सौगातें जयराम सरकार ने दी है। सुखराम चौधरी, ऊर्जा मंत्री इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने दावा करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में विकास के नाम पर ही सिरमौर जिला की पांचों सीटें जीतकर प्रदेश में भाजपा सरकार मिशन रिपीट करेगी।