जेओए पेपर लीक मामले में पुलिस के बड़ी कार्रवाई, 2 अभ्यार्थियों सहित 7 गिरफ्तार

Himachal News Mandi Others

DNN मंडी

25 अप्रैल। जिला मंडी के सुंदरनगर में बीते रोज रविवार को जूनियर ऑफिस असिस्टेंट स्क्रीनिंग टेस्ट पेपर लीक मामले में पुलिस ने 2 अभ्यार्थियों सहित पांच अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं 10 मोबाइल भी अपने कब्जे में लिए हैं। इस मामले में अभी और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इस मामले में एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने आज पत्रकार वार्ता में विस्तार से जानकारी सांझा की।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने जिन 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वह सभी आपस में रिश्तेदार व जान पहचान वाले ही हैं। यह जिला मंडी के बल्ह, सुंदरनगर, धर्मपुर व सरकाघाट रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक पुलिस की जांच में सारे प्रकरण के पीछे जिले के निजी संस्थान में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर व क्लर्क ने मुख्य भूमिका निभाई है। निजी संस्थान में कार्यरत आरोपित क्लर्क स्वयं अभ्यर्थी भी है। एसपी ने बताया कि परीक्षा केंद्र के दौरान किसी भी तरह का मोबाइल फोन इस्तेमाल नहीं किया गया है। परीक्षा शुरू होने से कुछ देर पहले ही पेपर लीक कर दिया गया। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि आरोपी अभ्यर्थियों राकेश व अनित ठाकुर को नकल करवाने में मंडी जिला के ही निजी संस्थान में कार्यरत स्टाफ ने मदद की है। आरोपी अभ्यार्थी राकेश ने परीक्षा शुरू होने से कुछ देर पहले सीटिंग प्लान व सीरीज का पता करवाया। इसके उपरांत परीक्षा शुरू होने के आधा घंटा पहले एक निजी संस्थान में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर व परीक्षा निरीक्षक गोपाल ने प्रश्न पत्र के मोबाइल की फोटो खींचकर व्हाट्सएप की।इसके उपरांत राकेश के तीन साथियों विवेक संजीव उर्फ विक्की व जोगिंदर ने धनोटू में इंटरनेट के माध्यम से प्रश्नों के उत्तर निकाले। नकल की पर्ची जोगिंदर ने महाराजा लक्ष्मण सेन मेमोरियल शिक्षा केंद्र में पहुंचाई। पर्ची महाराजा लक्ष्मण सेन मेमोरियल परीक्षा केंद्र में मौजूद क्लर्क बलवंत ने उस समय राकेश को दी, जब वह शौचालय के बहाने बाहर आया। वहीं, आरोपी राकेश ने अपने एक अन्य साथी अनित ठाकुर को भी प्रश्न पत्र के उत्तर सांझा किए थे। पुलिस ने अनित ठाकुर को भी गिरफ्तार किया है। मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

News Archives

Latest News