DNN दाड़लाघाट
प्रदेश कांग्रेस द्वारा पदाधिकारियों की अर्की उपचुनाव में ड्यूटी लगाने के साथ ही नेताओं ने प्रत्याशी की जीत के लिए अर्की विधानसभा क्षेत्र में डेरा जमा दिया है। कुनिहार से दाड़लाघाट तक कई स्थानों पर प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अमन सेठी, वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सेठी, अरुण शर्मा, रोहित शर्मा आदि ने दाड़लाघाट में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी संजय अवस्थी की जीत सुनिश्चित बनाने पर गहन मंत्रणा की। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अमन सेठी ने दावा किया कि जिस प्रकार उन्हें अर्की में फीडबैक प्राप्त हुई है, उससे कांग्रेस प्रत्याशी की जीत तय मानी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई और बेरोजगारी से तंग आ चुकी है। पैट्रोल और डीजल के अलावा रसोई गैस के दाम एक हजार रुपए से अधिक पहुंच चुके हैं। कांग्रेस के शासनकाल में जब गैस सिलेंडर का दाम 400 से 450 रुपए हुआ था तो भाजपा ने सड़कों पर उतर कर हो हल्ला मचा दिया था, लेकिन इस बार देश और प्रदेश की जनता अपने मतदान से इस महंगाई का विरोध करेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की तीन विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर कांग्रेस की भारी मतों से जीत होगी।















