DNN नाहन
सिरमौर जिला में मंगलवार दोपहर एक गर्भवती विवाहिता व उसके पति ने एक साथ जहरीला पदार्थ निगल लिया। लिहाजा प्राथमिक उपचार के बाद दंपत्ति को नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
मामला श्री रेणुका जी पुलिस थाना के अंतर्गत खालाक्यार का है। यहां पति-पत्नी ने एक साथ जहरीला पदार्थ निगल लिया। शाम करीब 4 बजे के आसपास ददाहू अस्पताल पहुंचने पर पुलिस को इस मामले की जानकारी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले को लेकर पुलिस की जांच जारी है, लेकिन शुरूआती जांच में सामने आया है कि दंपत्ति की शादी महज 5 महीने पहले ही हुई थी और महिला गर्भवती भी बताई जा रही है। ददाहू अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दंपत्ति को नाहन मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है। शुरूआती जांच में ये भी पता चला है कि महिला अपने मायके पति के साथ आई हुई थी। यहीं पर जहर का सेवन किया। महिला का पति धारटीधार के थाना कसोगा का रहने वाला बताया गया है। पुलिस इस संदर्भ में जांच कर रही है कि दंपत्ति ने ऐसा कदम क्यों उठाया। मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर ओमापति जम्वाल ने की है।















