Solan के खेड़ा गैंगवार में 5 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े

Baddi + Doon Crime Solan
DNN बद्दी (शर्मा)
बद्दी-नालागढ़ नेशनल हाईवे पर खेड़ा में हुए बहुचर्चित गैंगवार में दूसरी गैंग के पांच आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। इस गैंग के एक सरगना की गोली लगने से मौत हो गई थी। खेड़ा में बीती 15 जून को दो गुटों में आमने सामने जमकर फॉयरिंग हुई थी। जिसमें एक गुट ने पहले तो दूसरे गुट के मुखिया की स्विफ्ट गाड़ी को स्कोर्पियो गाड़ी से सामने से टक्कर मारी थी और फिर जमकर गोलीवारी की थी। जिससे स्विफ्ट कार में बैठे मुख्य सरगना की छाती पर गोली लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने पहले हमला करने वाले गैंग के एक दर्जन से अधिक आरोपियों को धर दबोचा था। जबकि जिस गैंग पर हमला हुआ था उसके आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर थे, जिन्हें अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन पर आर्मस एक्ट व विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने खेड़ा गोलीकांड में जिस गैंग पर हमला हुआ था उसके सरगना संतोष कुमार उर्फ सोनू , बलजीत सिंह, राकेश कुमार, राजन ठाकुर, राजेंद्र सिंह उर्फ जिंदू को गिरफ्तार किया है। पुलिस पांचों आरोपियों को नालागढ़ कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लेने की तैयारी में जुट गई है। आरोपियों पर आईपीसी की धारा 307, 336, 147, 148, 149 व आर्मस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस जांच में सामने आया था कि इन दोनों गैंग के आरोपी चिट्टे के कारोबार में संलिप्त थे और अब तक गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों पर पहले भी मामले दर्ज हैं।
डीएसपी बद्दी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने खेड़ा गैंगवार के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें जल्द कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा। जबकि हमला करने वाली गैंग के मुख्य सरगनाओं समेत दर्जन भर से अधिक आरोपियों को पुलिस पहले गिरफ्तार कर चुकी है।

News Archives

Latest News