Solan उपायुक्त ने उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट को दिए निर्देश यहाँ जानिये पूरा मामला

Himachal News Others Solan
DNN Solan
29 जुलाई। उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट को निर्देश दिए हैं कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन कार्य के कारण कण्डाघाट उपमण्डल में क्षेत्रवासियों को हो रही समस्याओं का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित बनाएं। कृतिका कुल्हारी आज कण्डाघाट में उपमण्डल के राजस्व अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि वर्तमान में सोलन से शिमला के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग का फोरलेन कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने उन्हें अवगत करवाया है कि फोरलेन कार्य के कारण क्षेत्र में कृषि योग्य भूमि को नुकसान हो रहा है तथा जलापूर्ति के लिए बिछाई गई पाइपों को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट को निर्देश दिए कि कृषि योग्य भूमि को फोरलेन कार्य से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए कार्य में संलग्न कंपनी के प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श करें ताकि स्थानीय लोगों को नुकसान से बचाया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि फोरलेन कार्य में कटिंग इत्यादि का कार्य निर्धारित नियम के अनुसार ही किया जाए।
उपायुक्त ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोविड-19 संकट के कारण लम्बित पड़े राजस्व सम्बन्धी मामलों को शीघ्र निपटाएं ताकि आम लोगों को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले पटवारखानों का समय-समय पर निरीक्षण सुनिश्चित बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में वर्षा से हो रहे नुकसान का आकलन करें ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता प्रदान की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निशानदेही इत्यादि की सही रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विभिन्न मार्गों के किनारे अवैध कब्जों को तुरन्त हटाने के निर्देश भी दिए।
कृतिका कुल्हारी ने कहा कि राजस्व विभाग आमजन तथा जिला प्रशासन एवं प्रदेश सरकार के मध्य महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करता है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग द्वारा किए जाने वाले कार्य प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष तौर पर आमजन को राहत पहुंचाते हैं। राजस्व कार्यों का समय पर निपटारा आर्थिक प्रगति का जरिया भी बनता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन लोगों की समस्याओं के घरद्वार पर निपटाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा मंें राजस्व विभाग का सकारात्मक एवं सत्त सहयोग नितांत आवश्यक है। उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डाॅ. विकास सूद ने उपमण्डल की राजस्व गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। तहसीलदार कण्डाघाट अमन राणा, नायब तहसीलदार कण्डाघाट सत्यव्रत शर्मा, नायब तहसीलदार ममलीग अमर सिंह तथा विभिन्न पटवार वृतों के पटवारी बैठक में उपस्थित थे।

News Archives

Latest News