DNN मंडी/हेमलता
सोमवार को जेबीटी/डी.एल.एड प्रशिक्षित बेरोज़गार संघ ने मंडी प्रारम्भिक उप-निदेशक को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संघ के प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक ठाकुर ने वर्ष 2018 में जेबीटी की बैच वाइज़ भर्ती में फ़र्जीवाड़े होने की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में जेबीटी की भर्ती के लिए 1400 पदों में से 617 पदों पर बैचवाइज़ भर्ती की गई थी। इसमें एलिमेंट्री टीचर ट्रेनिंग (ईटीटी) को प्राथमिकता देते हुए लगभग 300 ईटीटी डिप्लोमा धारकों को भी नियुक्ति दी गई थी। जम्मू- कश्मीर के जिन कालेजों से अभियर्थियों ने डिप्लोमा प्राप्त किया है उसमें कई अनियमिताएँ सामने आई हैं। इसका खुलासा विभाग द्वारा माँगी गई आरटीआई से मिली जानकारी में हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक वर्ष में एक सत्र की जारी की गई अंक सूची में अलग-अलग सचिव के हस्ताक्षर हैं, जो की नामुनकिन है।
वहीं जेबीटी/डीएलएड प्रशिक्षित बेरोजगार संघ के प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक ठाकुर ने बताया कि राज्य विजिलेंस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक को इस संबंध में तफ्तीश करने की मांग के लिए भी अलग से पत्र लिखा है। इस पत्र की प्रति हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल, शिक्षा सचिव और प्रारंभिक शिक्षा निदेशक को भी प्रेषित की गई है।
साथ ही संघ प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक ठाकुर ने कहा कि अगर विभाग आगे भी इसी तरह अनदेखी करता रहेगा तो प्रदेश में बुनियादी शिक्षा में आई कमी का सीधा सीधा कारण व जिम्मेवार स्वयं होगा। साथ ही संघ बड़े स्तर पर इसका विरोध प्रदर्शन भी करेगा ।















