100 करोड़ से बन रही लौंगणी-सरी-जोढन उठाऊ सिंचाई योजना – महेंद्र सिंह ठाकुर

Mandi Others

DNN धर्मपुर

23 जून । जलशक्ति, बागवानी, राजस्व एवं सैनिक कल्याण मंत्री महेद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये की लौंगणी-सरी-जोढ़न उठाऊ सिंचाई योजना का कार्य प्रगति पर है। इसके लिए ब्यास नदी से पानी उठाया जाएगा । योजना के पूरा होने पर क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी ।
वे धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के सज्याओपिपलू, ध्वाली, बिंगा तथा लौंगणी में जनसमस्याएं सुनते हुए लोगों से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र में 2 करोड़ रुपये की लागत से गौसदन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए उपयुक्त स्थान देखा जा रहा है।
जलशक्ति मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की बीड़ा बल्ह सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। जल्द ही सम्पर्क मार्ग गैहरा का निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा।
10 हैक्टेयर भूमि पर चंदन के पौधे
जलशक्ति मंत्री ने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र के शिवद्वाला और डोडर इलाके में 10 हैक्टेयर भूमि पर चंदन के पौधे लगाए जाएंगे। यह पर्यावरण के बेहतरी के साथ साथ ग्रामीण आर्थिकी को संबल देगा।
इस दौरान महेन्द्र सिंह ने कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से सज्याओपिपलू में 13, लौगणी में 56 तथा ध्वाली में 38 कामगारों को इंडैक्शन चुल्हे व सोलर लैंप भी वितरित किए ।
पेयजल-सिंचाई योजनाओं पर खर्चे जा रहे 4100 करोड़
महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य में पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं पर 4100 करोड़ रूपये की राशि खर्च की जा रही है । उन्होंने बताया कि हर घर को शुद्ध जल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस वर्ष प्रदेश में एशियन विकास बैंक के माध्यम से 1405 करोड़ रुपये तथा पुरानी पेयजल योजनाओं के पुनः संवर्धन के लिए एक हजार करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 अगस्त, 2022 तक हर घर को नल से जल के योजना के तहत शतप्रति लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।
इस अवसर संबंधित क्षेत्र के पंचायती राज संस्थाओं के पदाधिकारियों सहित ग्रामीण विकास व श्रम विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

News Archives

Latest News