DNN सोलन
जिला के 4 लोगों की कोरोना से मौत हो गई। वहीँ बुधवार को जिला में 470 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। जिनमें से 130 मामले सोलन शहर के हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मुक्ता रस्तोगी ने बताया कि कोरोना के चलते सोलन में 4 लोगों की मौत भी हुई है। इनमें जबल जमरोट क्षेत्र की 60 वर्षीय महिला, नालागढ़ की 75 वर्षीय महिला, नालागढ़ के एक 54 वर्षीय व्यक्ति व जाबली के एक 78 वर्षीय व्यक्ति की मौत भी हुई है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मुक्ता रस्तोगी ने बताया कि जिला में अब तक का कोरोना पॉजिटिव का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। लगातार कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं भी बढ़ गई है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मुक्ता रस्तोगी ने बताया कि सोलन शहर में 143, बद्दी में 45, नालागढ़ में 40, एमएमयू सुल्तानपुर में 29 ,अर्की में 100, कंडाघाट में 7, परमाणु में 33, धर्मपुर में 58, चंडी में 5 व जिला में 10 अन्य मामले कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इसी के साथ सोलन जिला में एक्टिव केसों की संख्या 2173 हो गई है। इनमें से 67 लोगों का सोलन जिला के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि सोलन के देहूंघाट में 11 मामले जबकि अर्की के शेरपुर में 10, अर्की के बातल में 10, जिला न्यायालय में 7, शहर के माल रोड में 6, सोलन के एक निजी नर्सिंग कॉलेज में 6 व दाड़लाघाट में 5 मामले एक साथ कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यह जिला में कोरोना कलस्टर हैं। उन्होंने जानकारी दी कि सोलन में बुधवार को 1180 लोगों के कोरोना टेस्ट हुए थे जिनमें से 398 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
















