DNN सोलन ब्यूरो
22 अप्रैल। लोक निर्माण विभाग सुबाथू उपमंडल के तहत देवठी से कून बाड़ा सड़क की हालत पिछले कई वर्षों से खस्ताहाल है। आलम यह बना है कि पक्की सड़क पूरी तरह से कच्चे रास्ते मे तबदील हो गई है। यही नहीं सड़क में पानी खड़ा रहने के कारण दो पहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बता दें कि इस मार्ग को पक्का हुए 5 वर्ष बीत चुके हैं और सड़क पक्की होने के 6 माह में ही टूटना शुरु हो गई थी। इसके बाद अब तो इस सड़क पर वाहन चलाना भी मुश्किल हो गया है। इसमें छोटे-छोटे पैच भी लगाए गए, लेकिन कुछ ही समय में वह भी उखड़ गए। देवठी से लेकर नौहरा खंडोल गांव तक तो इसकी हालत अधिक खराब है। सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे पड़ चुके हैं जो बरसात में पूरी तरह से कीचड़ व पानी से भर जाते हैं और इसमें से गटका भी उखड़ चुका है। विभाग को बार-बार सूचित करने के बाद भी अभी तक इसकी कोई रिपेयर नहीं की गई है। कई जगह आधे-अधूरे डंगे लगे हैं जो दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहे हैं। इसके अलावा सड़क में सही ढंग से नालियां भी नहीं बनाई गई हैं। कुछ समय पहले इसमें कच्ची नालियां बनाई गई थी, जो मलबे से बंद हो चुकी हैं। सड़क में नालियां होने के कारण बरसात के पानी की निकासी नहीं हो पाती और सड़क इसी कारण से जल्दी टूट जाती है। स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से आग्रह किया है कि इस मार्ग की रिपेयर जल्द करवाई जाए।
क्या कहना है सहायक अभियंता का
देवठी से कून बाड़ा मार्ग के 3 किलोमीटर हिस्से की दोबारा से पक्का करने के लिए अप्रूवल मिल चुकी है और इसके लिए टैंडर अवार्ड किए जा चुके हैं। मौसम साफ होते ही सड़क की रिपेयर का कार्य शुरु कर दिया जाएगा।
– सतीश शर्मा, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, सुबाथू।














