DNN शिमला
20 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए फाइव डे वीक कर दिया है। अब शनिवार को भी सरकारी कार्यालय पूरी तरह से बंद रहेंगे। इसके आलावा सरकार ने कई प्रकार की पाबंदी लगाई है। इसके अनुसार अब शादी व अन्य समारोह में केवल 50 लोगों को जाने की अनुमति दी है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी है । उन्होंने कहा अब हिमाचल प्रदेश में बढ़ते कोरोना मामलों को लेकर प्रदेश सरकार और सख्ती करते हुए शादी में केवल 50 लोगों तक जाने की अनुमति प्रदान की है। पहले हाल या बंद जगहों में समारोह करवाने पर 50 लोगों की सीमा निर्धारित की गई थी और खुले स्थान पर अधिकतम 200 लोगों ही शामिल हो सकते थे। अब दोनों स्थिति में 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे। सामाजिक, सांस्कृतिक व अन्य समारोह पर भी यह शर्त लागू रहेगी।
प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर को तोड़ने के लिए अब सरकारी कार्यालयों में पांच दिन ही वर्किंग रहेगा और शनिवार तथा रविवार को अवकाश रहेंगे । सरकारी कार्यालय अन्य दिनों में केवल 50 फीसदी कर्मचारी के साथ ही कार्य करेंगे। यही नहीं राजनैतीक रैलियों एवं कार्यक्रमों पर रोक रहेगी। निजी एवम सरकारी बसों में भी 50 फीसदी सवारियों के साथ ही आवाजाही होगी । वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मजदूरों के पलायन को लेकर ठेकेदारों से अनुरोध किया कि वह मजदूरों के पलायन को रोकें। मजदूरों को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 23 अप्रैल के बाद मंदिरों में सिर्फ पूजा-अर्चना होगी। नई व्यवस्था फिलहाल एक मई तक लागू रहेगी। शिक्षण संस्थान भी एक मई तक बंद किए गए हैं। एक मई के बाद कोरोना की स्थिति पर समीक्षा के बाद आगामी फैसला लिया जाएगा।















