DNN ऊना
10 अप्रैल। छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने आज क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में कोविड वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। इसके बाद उन्हें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने दिशा-निर्देशों के मुताबिक आधे घंटे के लिए निगरानी में रखा और उसके बाद उन्हें जाने की अनुमति दे दी।

टीका लगवाने के बाद सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि सरकार कोविड का वैक्सीन निशुल्क लगा रही है और सभी पात्र व्यक्तियों को इसका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रांतियों व अफवाहों पर ध्यान न दें और स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। अपनी बारी आने पर टीका अवश्यक लगवाएं। कोविड वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित व कारगर है। पहली डोज लेने के बाद दूसरी खुराक लेना भी सुनिश्चित करें, तभी वायरस से सुरक्षा मिल पाएगी। उन्होंने कहा कि अब दूसरी खुराक 6-8 हफ्ते के बाद लगाई जा रही है।

सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण स्वैच्छिक है, परन्तु स्वयं की सुरक्षा और बीमारी के प्रसार को सीमित करने के लिए वैक्सीन की दो खुराक लेना आवश्यक है। वैक्सीन लेने के बाद भी कोविड दिशा निर्देशों की अनुपालना आवश्यक है। टीका लगवाने के बाद भी मास्क पहनना, उचित शारीरिक दूरी, हाथ धोना नियमों का पालन करना भी जरूरी है।















