DNN मंडी
5 अप्रैल। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि 7 अप्रैल को मतदान के दिन नगर निगम मंडी में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। मतदान के दिन नगर निगम मंडी में सभी सरकारी कार्यालयों, संस्थानों, सार्वजनिक उपक्रमों, कारखानों और अन्य प्रतिष्ठानों में अवकाश रहेगा। दैनिक वेतनभोगियों के लिए भी इस दिन सवैतनिक अवकाश रहेगा। प्रदेश के विभिन्न भागों में सेवारत नगर निगम मंडी से संबंधित कर्मचारियों को मतदान के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश दिया जा सकता है। इसके लिए उन्हें अपने मतदान केंद्र के पीठासीन अधिकारी की ओर से जारी मतदान का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
उन्होंने बताया कि मंडी नगर निगम के 15 वार्ड में 38 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। हर वार्ड में दो ईवीएम रहेगी , जिनमें एक मतदान के लिए उपयोग में लाई जाएगी और दूसरी बैकअप के तौर पर रखी जाएगी। इसके अलावा स्पेयर मशीन सेक्टर अधिकारियों को भी दी जाएंगी। इस तरह कुल 91 ईवीएम तैयार की गई हैं।
उन्होंने कहा कि 7 अप्रैल को सुबह 8 बजे से सायं 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुरूप कोरोना संक्रमित व्यक्तियों को उनके मताधिकार के प्रयोग के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सायं 4 बजे के बाद कोरोना संक्रमित मतदाता संबंधित पोलिंग बूथ पर मतदान कर सकेंगे।
बता दें, नगर निगम मंडी के 15 वार्डों के लिए 7 अप्रैल को होने वाले चुनाव में कुल 32938 मतदाता अपने मतााधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 16745 महिला और 16193 पुरूष मतदाता हैं । नगर निगम मंडी के 15 वार्डों के लिए 75 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।















