DNN सोलन
सोलन में नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। 17 वार्डों में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। कुछ वार्डों में दो-दो लोगों को प्रभारी व स प्रभारी के तौर पर लगाया गया है, जबकि कुछ वार्डों में मात्र एक ही नेता को वार्ड जिताने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सोलन में बुधवार को गंज बाजार में होने वाली कांग्रेस की रैली में भाजपा से जुड़े कुछ बड़े नेता कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं और नगर निगम चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस भाजपा को झटका देने में कामयाब हो सकती है। बताया जा रहा है कि इसको लेकर सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली गई है और कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र राणा की उपस्थिति में भाजपा से जुड़े कुछ नेता कांग्रेस में शामिल होने की तैयारियों में जुट गए हैं। व्यापारिक वर्ग पर खास रसूख रखने वाले भाजपा नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने के बाद खलबली मचने की संभावना भी है। इस राजनीतिक खलबली का नगर निगम चुनाव पर क्या असर पड़ता है यह तो समय ही बताएगा लेकिन इतना जरूर है कि नगर निगम चुनाव के बहाने कांग्रेस भाजपा को झटका देने में इस मामले में कामयाब होती दिखाई दे रही है।
















