DNN धर्मपुर(सोलन)
12 मार्च। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धर्मपुर के चार अन्य छात्रों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। यह सभी छात्र बीते दिनों पॉजिटिव आए छात्र के प्राथमिक संपर्क में आए थे। संपर्क में आने के बाद स्कूल प्रशासन द्वारा 03 अध्यापकों सहित 25 विद्यार्थियों के सैम्पलों जांच करवाई गई थी। इन भेजे गए सैम्पलों की रिपोर्ट में से 04 सैम्पल पॉजिटिव व 24 सैम्पलों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इन चार छात्रएं के सैम्पल रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्कूल प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है।
स्वास्थ्य विभाग के पास इनकी रिपोर्ट आने के बाद स्कूल प्रशासन से संपर्क साधा गया है और जल्द इन चार छात्रों के प्राथमिक संपर्क की ट्रेसिंग कर उनके सैम्पल जांच करवाने को भी कहा है।
बता दें कि बीते दिनों मैट्रिक की प्री-बोर्ड परीक्षा देने आया छात्र कोरोना पॉजिटिव निकल गया था। गले मे दर्द की शिकायत व बुखार होने के बाद छात्र का स्कूल प्रशासन ने कोरोना वायरस का टैस्ट करवाया और टैस्ट में छात्र की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
स्कूलों में चली है प्री-बोर्ड परीक्षा
जानकारी के अनुसार इन दिनों मैट्रिक की प्री-बोर्ड की परीक्षाएं चली हुई है। परीक्षाओं को लेकर छात्र-छात्राओं को एसओपी के मुताबिक स्कूल में प्रवेश दिया जा रहे है। मंगलवार को भी परीक्षा देने के लिए छात्र स्कूल में आया और स्कूल में आने के बाद छात्र की थर्मल स्कैनिंग व हाथ सेनेटाइज किया गया।
छात्र को गले दर्द व बुखार की थी शिकायत
इसके बाद छात्र परीक्षा देने के लिए परीक्षा रूम में गया, लेकिन छात्र द्वारा इस दौरान अध्यापक को बताया कि उसके गले मे दर्द हो रही है। इसको लेकर तुरन्त उपस्थित अध्यापक द्वारा प्रधानाचार्य को इस बात से अवगत करवाया और तुरन्त छात्र को एक अलग कमरें में बिठाया। बुखार व गले की शिकायत के बाद स्कूल प्रशासन ने खण्ड चिकित्सा अधिकारी धर्मपुर को जानकारी दी। इसके बाद छात्र का रैपिड एंटीजन टैस्ट के माध्यम से सैम्पल जांच की और जांच के दौरान सैम्पल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके पश्चात स्कूल प्रशासन से स्वास्थ्य विभाग ने मिलकर प्राथमिक सम्पर्क की ट्रेसिंग की।
28 की हुई थी सैम्पलिंग
बुधवार को भी परीक्षा होने के चलते तुरन्त अलग से रूम बनाया गया था और प्राथमिक संपर्क में आने वाले छात्र-छात्राओं को अलग से बने रूम में परीक्षा दिलाई गई और परीक्षा के बाद 22 छात्र-छात्राओं सहित 03 अध्यापकों के आरटीपीसीआर के जरिए सैम्पलिंग करवाई गई व 03 छात्रों के सैम्पल रैपिड एंटीजन टैस्ट के माध्यम से जांचे गए। इन सैम्पलों की जांच रिपोर्ट शुक्रवार देर शाम स्वास्थ्य विभाग विभाग के पास पहुंची है और चार छात्र पॉजिटिव निकलें है।
24 की रिपोर्ट नेगेटिव
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुर के खंड चिकित्सा अधिकारी डा. अमित रंजन तलवार ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कोरोना पॉजिटिव छात्र के प्राथमिक संपर्क में आने वाले चार अन्य छात्रों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि 24 सैम्पल नेगेटिव है। उन्होंने बताया कि स्कूल प्रशासन से संपर्क साधा गया है। जल्द इन सभी की कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग करवाई जाएगी।















