Dnewsnetwork
बद्दी : दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी ने नालागढ़ से खरोनी, जामड़ा डोरा, बवासनी, साई और घरेड़ तक नई बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधायक के अनुसार, इस बस सेवा से क्षेत्र की सात ग्राम पंचायतों—मानपुरा, नंदपुर, लोधीमाजरा, बवासनी, साई, घरेड़ और सौड़ी—के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। करीब 30 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर पहले नियमित बस सुविधा उपलब्ध नहीं थी। नई बस सेवा से स्कूली विद्यार्थियों, औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले कर्मचारियों और रोज़गार के लिए आवागमन करने वाले ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी। बस का रात्रि ठहराव घरेड़ में होगा और सुबह करीब 6:30 बजे घरेड़ से वापसी शुरू होगी। बस को रवाना करने के अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला शक्ति, युवा और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विधायक चौधरी ने बवासनी पंचायत में रास्तों की मरम्मत के लिए मशीन भेजने तथा टाइल और पेवर लगाने के लिए एमएलए फंड से चार लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पंचायत घर को असुरक्षित घोषित किया जा चुका है। पंचायत के नाम एक बीघा भूमि स्थानांतरित होने के बाद नए पंचायत भवन के निर्माण के लिए सरकार और संबंधित मंत्री के समक्ष मामला उठाया जाएगा। उन्होंने बवासनी पंचायत में नए ट्रांसफार्मर लगाने की भी घोषणा की। विधायक के अनुसार, क्षेत्र में पहले ही थ्री-फेज लाइन उपलब्ध कराई जा चुकी है और जल्द ही ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा, नई कॉलोनी में बारिश के कारण मकान गिरने से प्रभावित लोगों के लिए भी अलग ट्रांसफार्मर लगाने की बात कही गई। प्रभावित परिवारों के भूमि आवंटन से जुड़े मामले एसडी कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय भेजे जा चुके हैं। विधायक ने कहा कि जिन लोगों के मकान गिर गए हैं, उन्हें 10 से 15 दिनों के भीतर तीन-तीन बिस्वा भूमि आवंटित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से सात लाख रुपये की सहायता राशि पहले ही दी जा चुकी है।
विधायक रामकुमार चौधरी ने कहा कि आने वाले दिनों में नालागढ़ से बद्दी, साई, डोली और रामशेर होते हुए बिलासपुर स्थित एम्स के लिए भी बस सेवा शुरू की जाएगी। प्रस्तावित बस सुबह करीब 9:30 बजे नालागढ़ से रवाना होगी और शाम 4:30 बजे वापसी करेगी। इस अवसर पर नालागढ़ के आरएम अखिलेश अग्निहोत्री सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, पूर्व पंचायत प्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। विधायक ने कहा कि कांग्रेस सरकार क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जनसमस्याओं के समाधान से लोगों में संतोष है और आने वाले दिनों में अधिक लोग पार्टी से जुड़ेंगे।













