DNN पांगी
10 नवंबर सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम पांगी रजनीश शर्मा ने बताया की विधानसभा चुनाव -2022 के लिए 12 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए उपमंडल पांगी में आज कुल 36 पोलिंग पार्टियां अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दी गई है और 7 पोलिंग पार्टियों को रिज़र्व में रखा गया है ।
उन्होंने बताया कि पांगी उपमंडल में कुल 36 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिसमें से चस्क भाटोरी मतदान केंद्र सबसे अधिक ऊंचाई वाला मतदान केंद्र है जिसकी ऊंचाई लगभग लगभग 11500 फ़ीट है । इसके अतिरिक्त लुज, माहलियत और रेइ संवेदनशील मतदान केन्द्रो में शामिल है।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन के लिए 76 अतिरिक्त पुलिस बल व 12 राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल( एसडीआरएफ) के जवान भीं तैनात किये गए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की 9 बसों द्वारा पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा हैं। उन्होंने बताया की हाल ही में हुई बर्फबारी के कारण कुछ मतदान केंन्द्रो तक पोलिंग पार्टियों को पहुंचाने के लिए लोक निर्माण व जल शक्ति विभाग द्वारा पर्याप्त श्रम बल तैनात किया गया है।
सहायक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहले से ही रवाना कर दी गई हैं।
122 पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए किया रवाना
चंबा ,10 नवंबर
विधानसभा क्षेत्र चंबा के तहत आज पोलिंग पार्टियों के लिए राजकीय बहुतकनीकी संस्थान सरोल में तीसरा और अंतिम चुनावी पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया।
पूर्वाभ्यास में 10 सेक्टर अधिकारी, 10 सूक्ष्म पर्यवेक्षक ,148 पीठासीन अधिकारी , 309 सहायक पीठासीन अधिकारियों सहित कुल 818 मतदान अधिकारियों ने भाग लिया।
निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम चंबा ने पोलिंग पार्टियों के अधिकारियों को निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया से संबंधित तकनीकी और व्यवहारिक बारीकियों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पूर्वाभ्यास के उपरांत 122 पोलिंग पार्टियों को अपने-अपने मतदान केंद्र को रवाना कर दिया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि चंबा विधानसभा क्षेत्र में कुल 122 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं जिसमें 103 ग्रामीण और 19 शहरी मतदान केंद्र है।
उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र 53 – सुराडा तथा 54-चौंतड़ा महिला अधिकारियों जबकि 57- चौगान-1 दिव्यांग अधिकारियों द्वारा संचालित किया जाएगा।














