आपदा प्रभावितों को भूमि एवं अस्थाई आवास प्रदान

Baddi + Doon Others Politics Solan
Dnewsnetwork
दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि आपदा प्रभावितों को समय पर राहत पहुंचाकर उनका पुनर्वास सुनिश्चित बनाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। राम कुमार चौधरी आज दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत साईं के शील, सुनानी एवं बवासनी गांवों में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित पात्र परिवारों को 3-3 बिस्वा भूमि आबंटन स्वीकृति पत्र प्रदान करने के उपरांत उपस्थित लोगों को सम्बोधित कर रहे थे।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण अनेक परिवारों के मकान पूर्णतः क्षतिग्रस्त हो गए थे। प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावित परिवारों को राहत और पुनर्वास प्रदान करने के लिए संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावी कदम उठाए हैं। इसी श्रृंखला में 40 परिवारों को 3-3 बिस्वा भूमि का आबंटन किया गया है। भूमि आबंटन का उद्देश्य प्रभावितों को सुरक्षित और स्थाई आवास का निर्माण सुनिश्चित बनाना है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत कार्यरत बाल रक्षा गैर सरकारी संस्था के सहयोग से 12 अस्थाई फाइबर शेल्टर भी निर्मित किए गए। यह शेल्टर उन परिवारों के लिए अस्थाई रूप से निर्मित किए गए जो तत्काल स्थाई मकान निर्माण में असमर्थ थे। कार्यक्रम में इन 12 शेल्टर के पत्र भी संबंधित लाभार्थियों को सौंपे गए।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित प्रत्येक नागरिक के पुनर्वास को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने आपदा राहत मुआवज़ा राशि को 1.30 लाख रुपए से बढ़ाकर 07 लाख रुपए किया है। इससे प्रभावितों को व्यावहारिक व सशक्त सहायता प्राप्त हो रही है। यह निर्णय सरकार की संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत वर्ष 2023-24 में पट्टा विकास खण्ड के लिए 228 मकान स्वीकृत किए गए, जिनमें से 05 मकान ग्राम पंचायत साई को प्रदान किए गए हैं तथा वर्ष 2024-25 में 287 मकानों की स्वीकृति मिली है। इनमें से 08 मकान ग्राम पंचायत साईं को आबंटित किए गए हैं।
विधायक ने कहा कि उनके कार्यकाल में ग्राम पंचायत साईं में लगभग 2 करोड़ 12 लाख रुपए से अधिक के विभिन्न विकासात्मक कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, साईं में परीक्षा भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए 01 करोड़ की राशि सी.आर.एस. के माध्यम से व्यय की गई है। जल शक्ति विभाग द्वारा पेयजल एवं सिंचाई परियोजनाओं के लिए लगभग 50 लाख रुपए की लागत से कार्य किए गए हैं। विद्युत बोर्ड द्वारा ग्राम पंचायत साईं में 20 लाख रुपए के कार्य करवाए गए हैं ताकि लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत साईं में विधायक निधि के माध्यम से 25 लाख रुपए के विभिन्न विकासात्मक कार्य करवाए जा चुके हैं। 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में 11 लाख 10 हजार 370 रुपए की राशि विभिन्न विकास कार्यों के लिए स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि वह दून विधानसभा क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के लिए उपमण्डल कार्यालय, पृथक खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय सहित राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल का कार्य क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्रदान करने में सहायक बनेगा।
विधायक ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं भी सुनी और सम्बन्धित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत साईं के प्रधान मेहर चंद, उप प्रधान प्रेम सिंह, पूर्व प्रधान नसीब सिंह, उपमण्डलाधिकारी बद्दी राजकुमार, तहसीलदार बद्दी सत्येंद्र जीत, खण्ड विकास अधिकारी पट्टा कुलदीप कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, लाभार्थी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

News Archives

Latest News