Dnewsnetwork
सोलन, 24 नवंबर : जिला सोलन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सुबाथू रोड सोलन स्थित एक मकान में दबिश देकर चार युवकों को चिट्टा (हैरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.19 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
पुलिस को सूचना मिली कि सुबाथू रोड सोलन स्थित एक मकान के कमरे में कुछ युवक नशीले पदार्थों के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और कमरे में रह रहे चार युवकों की तलाशी ली। इस दौरान उनके कब्जे से 6.19 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण (19) निवासी डूगा मोड़, सुबाथू रोड सोलन, अमन परिहार (25) निवासी गांव जाबल जमरोट, तहसील व जिला सोलन, अंशुल गुरंग (27) निवासी गांव लाडेरा, जिला चंबा तथा विशाल (21) निवासी उदय विहार कॉलोनी, सपरून सोलन के रूप में हुई है।
पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है, ताकि नशे की इस खेप के स्रोत और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। एसपी सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि जिला पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।














