सेंट ल्यूक्स स्कूल में ग्रैंडपेरेंट्स डे एवं बालिका दिवस समारोह आयोजित

Others Solan

– गीत, नृत्य और लघु नाटिका से विद्यार्थियों ने बुजुर्गों के प्रति जताया सम्मान

सोलन, 8 सितंबर : सेंट ल्यूक्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन में मंगलवार को ग्रैंडपेरेंट्स डे एवं बालिका दिवस का भावपूर्ण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों के अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ बालिकाओं के सम्मान, समान अवसर और सशक्तिकरण का संदेश देना रहा। समारोह में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी पी.सी. कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक फादर पी. सहायराज, प्रधानाचार्या सिस्टर स्टेला, शिक्षकगण, विद्यार्थी तथा बच्चों के दादा-दादी और नाना-नानी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, कविताओं और लघु नाटिका की शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी के साथ भावनात्मक रिश्ते को दर्शाया। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि बुजुर्ग परिवार की धरोहर होने के साथ-साथ अनुभव, संस्कार और जीवन मूल्यों के महत्वपूर्ण स्रोत हैं।

बालिका दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने बालिकाओं के सम्मान, शिक्षा और समान अवसर के महत्व को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम में संदेश दिया गया कि प्रत्येक बालिका को अपनी प्रतिभा विकसित करने और अपने सपनों को साकार करने का समान अवसर मिलना चाहिए।

मुख्य अतिथि पी.सी. कश्यप ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और मानवीय मूल्यों का महत्व बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने दादा-दादी और नाना-नानी के अनुभवों से सीख लेने के लिए प्रेरित किया। समारोह का समापन आभार व्यक्त करने के साथ हुआ। पूरा कार्यक्रम प्रेम, सम्मान, कृतज्ञता और बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के संदेश से सराबोर रहा।

Latest News