Dnewsnetwork
दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने आज ग्राम पंचायत गुरुमाजरा में आयोजित मुख्यमंत्री ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के अंतर्गत क्षेत्र की 06 पंचायतों के लोगों से संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं तथा प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि जनसंवाद का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सीधे सुनने के साथ-साथ पात्र परिवारों को सरकार की योजनाओं से जोड़ना है।
विधायक ने मुख्यमंत्री ‘अपना परिवार-सुखी परिवार’ योजना के अंतर्गत बी.पी.एल. सूची में चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण के बारे में लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित पात्रता एवं मापदंडों को पूरा करने वाले परिवार बी.पी.एल. सूची में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि 75 हजार रुपए तक वार्षिक आय वाले परिवार, 27 से 59 वर्ष की आयु के मध्य कोई कमाने वाला सदस्य न होने वाले परिवार सहित प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित अन्य श्रेणियों में आने वाले परिवार 20 सितंबर, 2026 से पहले बी.पी.एल. सूची के लिए अपना आवेदन संबंधित पंचायत सचिव, खंड विकास अधिकारी कार्यालय या उपमंडलाधिकारी कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि पात्र परिवारों को पेंशन, 300 यूनिट तक निःशुल्क बिजली तथा प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया का यह अंतिम चरण है, इसलिए पात्र परिवार समय रहते अपनी प्रक्रिया पूरी करें, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत मलपुर को विकासात्मक कार्यों के लिए विभिन्न मदों से लगभग 1.21 करोड़ रुपए, ग्राम पंचायत किशनपुरा को 43.50 लाख रुपए, ग्राम पंचायत लेही को 70 लाख रुपए, ग्राम पंचायत मानपुर को 83.50 लाख रुपए तथा ग्राम पंचायत सुनेड़ को 1.55 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत करवाई जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र के विकासात्मक कार्यों के लिए नालागढ़ विकास खंड में डब्ल्यूडीसी-पीएमकेएसवाई 2.0 के तहत प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन के 18 कार्यों के लिए लगभग 1.41 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 15 कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा 3 कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि इसी योजना के तहत एंट्री प्वाइंट गतिविधियों के 2 कार्यों के लिए 3.64 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं और दोनों कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि उत्पादन प्रणाली से संबंधित 4 कार्यों के लिए 27.30 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं, जिन्हें भी पूरा किया जा चुका है, जबकि अतिरिक्त जलस्रोत के लिए 4.50 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं, जिसका कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ पेयजल, सिंचाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाए। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें तथा उपलब्ध योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
विधायक ने इस अवसर पर लोगों की जन समस्याएं भी सुनीं तथा इनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत किशनपुरा के प्रधान मेला राम, ग्राम पंचायत गुरूमाजरा के प्रधान गुरमेल सिंह, ग्राम पंचायत लेही की प्रधान कमला देवी, उप प्रधान हंस राज, किशनपुरा के उप प्रधान जसपाल सिंह, हरिपुर संडोली के उप प्रधान देशराज, गुरूमाजरा के उप प्रधान लालदीन तथा विभिन्न पंचायत के जन प्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित थे।














