मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने गृह क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को दिए चुनावी जीत के टिप्स

Mandi Politics

DNN मंडी ( हेमलता )

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मुझे सामान्य परिस्थिति में काम करने का मौका नहीं मिला। पहले 2 उपचुनाव हुए और दोनों हमने जीते। फिर पंचायतों के चुनाव हुए उसमें भी हमारे जनप्रतिनिधि अधिक जीते। हाल ही में स्थानीय निकाय चुनाव हुए और उसमें भी भाजपा को भारी सफलता मिली।

अपने सराज प्रवास के दूसरे दिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बगस्याड़ में आयोजित एक पार्टी कार्यक्रम में शामिल हुए और कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनता से संवाद कर लोकसभा उपचुनाव में पार्टी के लिए सहयोग मांगा। इसके बाद उन्होंने नाचन विधानसभा क्षेत्र के चैलचोक और बग्गी में भी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें की। बग्गी में उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से इस उपचुनाव में मण्डी में भाजपा एक बार फिर से विजयी होगी।

प्रदेश होने वाले उपचुनाव में भाजपा की जीत सुनिशचित करने लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मोर्चा संभाल लिया है। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सिरज हो जिला शिमला का दुर्गम क्षेत्र डोडरा क्वार, प्रदेश के सभी क्षेत्रों में हमारी सरकार ने वो काम कर दिखाया जो छह बार के मुख्यमंत्री भी नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि 2017 के विधासभा चुनाव में हमें हराने के लिए कांग्रेस ने कई हथकंडे अपनाए, लेकिन हम जीतते रहे और हम आगे भी जीतते रहेंगे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना जैसे संकट काल में भी हमारी सरकार ने विकास को रुकने नहीं दिया। प्रदेश सरकार ने अब तक के कार्यकाल में हरेक विधानसभा क्षेत्र में कई विकास कार्य किए हैं। आपको इन कार्यों को लेकर लोगों के बीच जाना होगा। उन्होंने कहा कि पहली बार सिराज को इतना बड़ा सम्मान मिला है, इसे ठेस नहीं पहुंचने देनी है।
जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जो लोग पार्टी से जुड़ना चाहते हैं, उन्हें जोड़िए। जो लोग मुझसे मिलना चाहते हैं, हमेशा की तरह उनका पूरा स्वागत और सम्मान होगा। पिछली सरकार में तो ऐसा होता था कि ओकओवर में लोग आते थे और मुख्यमंत्री के साथ फोटो खिंचवाने तक ही सीमित होकर रह जाते थे। मगर हमारी सरकार और पार्टी दोनों में लोगों को सम्मान मिलता है और उनकी समस्याएं भी सुलझाई जाती हैं।

‘पिछला रिकॉर्ड रखना होगा बरकरार’
मुख्यमंत्री ने कहा, “आज सोचा कि सिराज मंडल के साथियों के साथ मिलकर बात कर लूं। भाई अब आप लोगों के जिम्मे होगा काम। हर जगह जाना नहीं हो पाएगा, इसलिए यहां तो आप लोगों को जयराम बनकर काम करना होगा। अब तो 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए भी ज्यादा वक्त नहीं बचा है।”

मुखयमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि उपचुनाव में जीत का पुराना रिकॉर्ड बरकरार रखना होगा। उन्होंने कहा कि कोविड वैक्सीन की पहली डोज लगवाने में हिमाचल पूरे देश में नंबर वन पर आया तो देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वॉरियर्स से संवाद किया। प्रधानमंत्री ने सराजियों का जिक्र किया तो पूरे क्षेत्र की जनता को सम्मान मिला।

नौजवानों को पार्टी से जोड़ें
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को टिप्स देते हुए कहा कि पार्टी के साथ नए लोगों, युवाओं और महिलाओं को जोड़ने का काम करें। उन्होंने कहा कि पार्टी में नयापन, जोश तभी आता है जब नौजवानों को जगह दी जाती है। नौजवानों को भी यह सुनिश्चित करना होगा कि जो लोग वर्षों से पार्टी में काम कर रहे हैं, उनका सम्मान करें क्योंकि हम उन्हीं की वजह से यहां हैं।

‘विपक्ष के पास कहने को कुछ नहीं’
उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग भी आप लोगों के बीच आएंगे, तरह-तरह की बातें करेंगे। हिमाचल प्रदेश में आज भाजपा की सरकार के चार साल पूरे होने वाले हैं मगर विपक्ष के पास हमारे खिलाफ कहने को कुछ नहीं है। केंद्र में भी मोदी सरकार को साढ़े सात साल होने वाले हैं, लेकिन मोदी जी के खिलाफ भी विपक्ष को कुछ कहने को नहीं मिला।

जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता और देवी-देवताओं के आशीर्वाद से मंडी भी जीतेंगे और तीनों विधानसभा सीटें भी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब पीछे मुड़कर देखने का समय नहीं है, आगे बढ़िए। अब इतिहास के हिस्से में एक पन्ना रहेगा कि जब हिमाचल में पांच साल बाद सरकारें बदलती थीं, वहां एक ऐसा सराजी था जिसने पांच साल बाद फिर भाजपा की सरकार बनाई।

 

News Archives

Latest News