DNN चंडीगढ़
13 दिसम्बर – मान सरकार ने अहम फैसला लेते हुए इंटर स्टेट रूट्स पर बादल परिवार एवं बड़े बस आप्रेटरों की निजी बसों का एकाधिकार खत्म कर दिया है।
परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर ने बताया कि बादल परिवार ने 2007 से 2017 तक अपनी सरकार के कार्यकाल के दाैरान खुद के ट्रांसपोर्ट कारोबार का फायदा पहुंचाने के लिए नीतियां बनाई और फिर कांग्रेस सरकार ने भी उनका साथ दिया। कांग्रेस ने पंजाब ट्रांसपोर्ट स्कीम 2018 बनाई जिसका सीधा फायदा बादल परिवार को मिला और चंडीगढ़ में बादल परिवारों की एंट्री होती रही। इससे सरकार के खजाने को चूना लगा। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंजाब ट्रांसपोर्ट स्कीम 2018 में संशोधन करके पंजाब ट्रांसपोर्ट (संशोधन) स्कीम 2022 बना दी गई। स्कीम के अहम पहलू के तहत अब 100 प्रतिशत शेयरिंग के साथ केवल पंजाब सरकार की बसें ही चंडीगढ़ में एंट्री करेंगी। इंटर स्टेट रूट्स पर 39 या इससे अधिक सवारियों वाली बसों पर एयर कंडीशंड स्टेज कैरिज बसें केवल स्टेट ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग्स की तरफ से ही हर वर्ग में उनके समस्त शेयर में से ही चलाई जाएंगी।















