भेड़पालको के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं जागरुकता शिविर आयोजित 

Himachal News Others Una
DNN ऊना
9 मार्च। पशुपालन विभाग एवं हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के संयुक्त तत्वाधान में आज उपनिदेशक पशु पालन विभाग के प्रांगण में भेड़-पालक जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। शिविर में लगभग 150 भेड़पालकों ने भाग लिया। इस दौरान भेड़ पालकों को मैडिकल किटें भी वितरित की गईं।
शिविर में प्रतिभागियों को संबांेधित करते हुए त्रिलोक कपूर ने कहा कि विभाग द्वारा भेड़-पालकों की जागरुकता एवं प्रशिक्षण के लिए समय-समय पर ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाता है। इन शिविरों में प्रदेश के भेड-पालकों को जहां भेड़ पालन से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारियों मिलती हैं वहीं इस क्षेत्र में भेड़पालकों को पेश आ रही समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाने के लिए एक मंच उपलब्ध होता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भेड़ पालकों की समस्याओं के समाधान के लिए कृतसंकल्प है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भेड़-पालकों को मेडिकल किटे भी वितरित की जाती हैं ताकि वे अपना और पशुओं का स्वयं प्राथमिक उपचार कर सके। उन्होंने जिला प्रशासन से भेड़ पालकों की भेड़ें चोरी होने के मामलों में हर संभव मदद एवं उचित कार्यवाहीं करने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान भेड़ पालकों को बड़े ही कठिनाई के दौर से गुजरना पड़ रहा था। उस दौर में  भी प्रदेश सरकार द्वार भेड़पालकों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से बेरोजगार युवाओं को भी इस व्यवसाय के प्रति प्रोत्साहित किया जा सकता है ताकि वे भेड़ पालन के व्यवसाय को अपनाकर अपनी आजीविका कमा सकें। शिविर में पशुपालन विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रतिभागी भेड़ पालकों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलाव भेड़ों में पाई जाने वाली बीमारियों और उनके निदान बारे भी विस्तारपूर्वक समझाया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त डाॅ अमित कुमार शर्मा, डीएसपी रमाकांत ठाकुर, पशुपालन विभाग के सहायक निदेशक परियोजना डाॅ एसके सिंह धीमान, सहायक निदेशक प्रसार डाॅ उपेंद्र, उपनिदेशक डाॅ जय सिंह सेन, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डाॅ राकेश भट्टी, प्रबंधक वूल फेडरेशन दीपक सैणी, वूल फडरेशन के निदेशक मंडल से गुरूमुख सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।

News Archives

Latest News