DNN सोलन
27 दिसम्बर। भारत की जनवादी नौजवान सभा और स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया जिला कमेटी सोलन ने जिला उपायुक्त सोलन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के माध्यम से एसएफआई तथा डीवाईएफआई ने यह मांग प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री से उठाई है कि प्रदेश में बेरोजगार युवाओं की बड़ी तादाद है। उन्हें सरकार रोजगार मुहैया करवाए। इसके साथ-साथ प्रदेश के अंदर बेरोजगार युवाओं की संख्या के आंकड़े सरकार जारी करे। जब तक सरकार कोई ठोस रणनीति इस मुद्दे पर नहीं बनाती है, तब तक प्रदेश में बेरोजगारों को उचित बेरोजगारी भत्ता दिया जाए। आज यानी 27 दिसंबर को भाजपा सरकार 4 साल पूरे होने पर मंडी के अंदर एक त्योहार के रूप में इसे मना रही है तथा उसमें आम जनता की टैक्स की कमाई को खर्च करते हुए इसे चुनावी प्रचार का साधन बना रही है। प्रदेश सरकार यह बता रही है कि वो पूरे प्रदेश में विकास की एक लहर लेकर आए हैं। उन्हें इस समय में यह आइना दिखाना जरूरी है कि सरकार जिन मुद्दों को लेकर सत्ता में आई थी कि वे युवाओं को रोजगार प्रदान करेंगे, महंगाई को खत्म करेंगे तथा भ्रष्टाचार को दूर करेंगे। परंतु यह मुद्दे आज भी जस के तस बने हुए हैं। आज युवा बेरोजगारी की मार झेल रहा है जिसके कारण वह कभी नशे की जकड़ में आ जाता है तो कभी देश और समाज को बांटने वाली राजनीति का शिकार होता हुआ नजर आ रहा है। इसीलिए डी वाई एफ आई व एस एफ आई ने मिलकर यह मांग उठाई है कि प्रदेश में बेरोजगारी की दिक्कत को खत्म करने के लिए रोजगार के साधन उत्पन्न करने की ओर सरकार अपने कदम बढ़ाए तथा प्रदेश के युवाओं को राहत पहुंचाएं।















