पुलिस ने गुम और चोरी हुए करीब 1 करोड़ रुपए के 829 मोबाइल बरामद कर लोगों को लौटाएं

Politics Sirmaur

Dnewsnetwork

नाहन, 5 अगस्त। जिला सिरमौर पुलिस ने आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (DoT) के सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से पुलिस अब तक 829 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप चुकी है। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, सीईआईआर पोर्टल की मदद से न केवल लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाई जा रही है, बल्कि चोरी हुए मोबाइल फोन के दुरुपयोग पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है। एएसपी योगेश रोल्टा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि 1 जुलाई 2026 से 5 अगस्त 2026 के बीच 18 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए गए।
साइबर कमांडो की अहम भूमिका
सीईआईआर पोर्टल की निगरानी और विश्लेषण का कार्य साइबर कमांडो कांस्टेबल प्रदीप द्वारा किया जा रहा है। उनके विश्लेषण के आधार पर जिले के सभी पुलिस थानों में नियुक्त नोडल अधिकारी मोबाइल फोन की ट्रेसिंग कर उन्हें बरामद करते हैं और संबंधित मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी करते हैं।
मोबाइल गुम होने पर तुरंत करें यह काम
जिला सिरमौर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम हो जाए या चोरी हो जाए तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर जाकर मोबाइल फोन को ब्लॉक करवाएं। समय पर मोबाइल ब्लॉक करने से उसके दुरुपयोग की संभावना कम हो जाती है और बरामद होने की संभावना बढ़ जाती है।
पुलिस ने नागरिकों से अपने मोबाइल फोन का IMEI नंबर सुरक्षित रखने की भी सलाह दी है। IMEI नंबर *#06# डायल करके, मोबाइल के डिब्बे या खरीद रसीद से प्राप्त किया जा सकता है। इसके अलावा बिना स्वामित्व और IMEI सत्यापन के किसी भी सेकेंड हैंड मोबाइल फोन की खरीदारी न करने की अपील भी की गई है।
जिला सिरमौर पुलिस ने कहा कि वह आधुनिक तकनीक के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में अधिक से अधिक लोगों से CEIR पोर्टल का उपयोग करने का आग्रह किया है।

News Archives

Latest News