DNN सोलन
औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में एक बहुमंजिला इमारत के गिरने ने एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं मलबे में दबे एक अन्य व्यक्ति की तलाश जारी है। जबकि 3 को सुरक्षित निकाल किया गया। बचाव कार्य जारी है।बताया जा रहा है कि यह इमारत एक नामी कंपनी की है और इसमें मिक्सी के अलावा अन्य कई सामान बनता था। कुछ समय से यहां कामकाज ठप पड़ा था।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मन्त्री डॉ. राजीव सैजल ने जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबन्धन बलों को निर्देश दिए हैं कि सोलन जिला के परवाणु में भवन ढहने के कारण हुई दुर्घटना में घायलों को यथासम्भव सहायता प्रदान की जाए और भवन के मलबे को पूरी तरह जांच कर यह सुनिश्चित बनाया जाए कि अन्दर कोई भी व्यक्ति शेष न रहे।

डॉ. सैजल ने दुर्घटना स्थल पर पंहुचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और स्थानीय प्रशासन को उचित दिशा-निर्देश जारी किए।
आयुष मन्त्री ने दुर्घटना की जानकारी मिलते ही उपायुक्त सोलन को दुर्घटना स्थल पर पंहुचने के निर्देश दिए। प्रशासन एवं पुलिस को उचित आपदा सहायता के साथ तुरन्त राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने दुर्घटना स्थल पर तुरन्त राहत कार्य आरम्भ किया।
उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन को घायलों की त्वरित सहायता के लिए तैयार रहने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा त्वरित बल की टीम द्वारा राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
डॉ. सैजल ने परम पिता परमात्मा से दुर्घटना के मृतक की आत्मिक शान्ति तथा शोक संत्पत परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

जानकारी के अनुसार यह घटना मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। परवाणू के सेक्टर-2 में अचानक 4 मंजिला इमारत भरभराकर गिर पड़ी। इमारत गिरने के बाद अफरा-तफरी मच गई। जब यह इमारत गिरी, उस समय इमारत की बेसमेंट में कुछ मजदूर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि इस घटना में मलबे की चपेट में आने से 5 मजदूर दब गए। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कथित तौर पर मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए सर्च आपरेशन शुरू किया गया। पुलिस, होमगार्ड व अग्रिशमक के कर्मचारियों ने मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास किया। कुछ समय बाद एनडीआरएफ के जवानों से भरी एक बस मौके पर पहुंची। इसके बाद मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने का सर्च आपरेशन शुरू हुआ। कुछ समय बाद 3 मजदूरों को रेसक्यू कर मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिन्हें उपचार के लिए ईएसआई अस्पताल परवाणू में भर्ती किया गया, जहां से 2 को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वही अब भी आशंका जताई जा रही है कि इमारत के मलबे में अभी भी दो अन्य मजदूर फंसे हैं, जिन्हें बाहर निकालने की कोशिशें रेसक्यू टीम द्वारा की जा रही है। वहीं इस चार मंजिला भवन की जद में आसपास के अन्य कई भवनों को भी नुकसान पहुंचा है।
उधर एसडी एम कसौली संजीव धीमान ने बताया कि देर शाम एक मजदूर का शव मलबे से निकाला गया है। अन्य एक व्यक्ति की तलाश में सर्च आप्रेशन चल रहा है।














