Dnewsnetwork Shimla
दून विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वित्त वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत क्षेत्र में करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से 9 सड़क कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है।
दून के विधायक रामकुमार चौधरी ने इन विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दून विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क को मजबूत करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयासरत है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत इन 9 सड़क कार्यों से विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ उनकी रोजमर्रा की आवाजाही भी सुगम होगी। रामकुमार चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सरकार की ओर से लगातार मिल रहे सहयोग के लिए वह मुख्यमंत्री के आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की शेष विकासात्मक आवश्यकताओं को भी चरणबद्ध तरीके से प्रदेश सरकार के समक्ष उठाया जाता रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री भविष्य में भी दून विधानसभा क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए अन्य विकास कार्यों और नए संपर्क मार्गों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करेंगे।













